संवाद न्यूज एजेंसी
मोदीपुरम। शहर में सोमवार सुबह से मौसम का मिजाज बदला-बदला नजर आया। कभी आसमान में बादलों की आवाजाही रही तो कभी तेज धूप निकली। हालांकि पिछले दिनों के मुकाबले तापमान कम होने से गर्मी से राहत महसूस हुई। अगले 24 से 48 घंटे में मेरठ और आसपास के जिलों में हल्की बारिश की संभावना बनी है।
शनिवार को मेरठ समेत आसपास के जिलों में तेज हवा के साथ बारिश होने से लोगों ने भीषण गर्मी से राहत महसूस की। मई माह में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था लेकिन मौसम बदलने से गर्मी से राहत मिली है। बारिश होने से मौसम में नमी बढ़ने और बादलों की आवाजाही के कारण दिन के तापमान में अधिक बढ़ोतरी की संभावना नहीं है।
कृषि विवि के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। आने वाले तीन-चार दिनों तक मौसम सुहावना बने रहने की उम्मीद है। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की मौसम वैधशाला पर दिन का अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स 162 दर्ज किया गया।