बारिश के बाद हुए जलभराव में गेहूं की पुली।
- फोटो : BHESUMA
बहसूमा/हस्तिनापुर/बौंद्रा। बारिश और तेज आंधी ने गेहूं की फसल की कटाई और थ्रेसिंग करा रहे किसानों की परेशानी बढ़ा दी। बारिश के कारण खेतों में पानी भरने से फसल की कटाई कई दिन के लिए रुक गई। वहीं गन्ने की छिलाई भी नहीं हो सकेगी। इससे मिल का पेराई सत्र भी प्रभावित होगा।
इस समय गेहूं की फसल की कटाई चल रही है, वहीं गन्ना सप्लाई का कार्य भी जारी है। रविवार सुबह काले बादल और बिजली की गड़गड़ाहट और आंधी के साथ शुरू हुई तेज बारिश ने किसानों के पसीने छुड़ा दिए। बारिश से खेतों में पानी भर गया। इससे कई दिन तक फसल की कटाई नहीं होगी। वहीं जो फसल कटी पड़ी है उसका गेहूं काला पड़ने की आशंका है। वहीं किठौर क्षेत्र में आंधी के कारण कई पेड़ टूट गए। बारिश से मौसम ठंडा हो गया। बहसूमा में दोपहर को बादल छाने से दिन में ही अंधेरा हो गया। बारिश से जगह-जगह जलभराव हो गया। खेतों में पानी भरने से किसान परेशान नजर आए। किसान जयबीर सिंह, संजय गुर्जर, हरेंद्र ने बताया कि बेमौसम बारिश ने परेशानी बढ़ा दी है। फसल की कटाई प्रभावित हो गई है। किसान विरेंद्र नागर ने बताया कि जो भूसा खेतों में पड़ा है वह भी बारिश से खराब हो जाएगा। कृषि विशेषज्ञ मुकेश सिंह ने बताया कि इस समय की बारिश किसान के लिए बहुत हानिकारक है।
मवाना में तेज बारिश से हुआ रस्तों पर जलभराव।- फोटो : MAWANA