मेरठ में मिलावटी तेल के खेल के बाद प्रशासन ने अब बागपत में भी जांच शुरू करा दी है। डीएम शकुंतला गौतम ने चार टीम गठित की। पहले दिन बागपत और खेकड़ा में छापेमारी की गई। यहां पर तेल में मिलावट, घटतौली और जनसुविधाओं को चेक किया गया। डीएम ने बताया कि खामियां मिलने पर सख्त कार्रवाई होगी।
गुरुवार को डीएम शकुंतला गौतम ने निरीक्षण के निर्देश दिए। पेट्रोल और डीजल पंपों पर मिलावट, घटतौली की जांच के लिए नगर क्षेत्र बागपत में जिला पूर्ति अधिकारी नीरज सिंह के नेतृत्व में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी, वरिष्ठ निरीक्षक बाट और माप विज्ञान, विक्रय प्रबंधक की टीम बनाई। तहसील बागपत, खेकड़ा और बड़ौत में संबंधित एसडीएम के नेतृत्व में पूर्ति निरीक्षक, वरिष्ठ निरीक्षक बाट माप, विक्रय प्रबंधक आदि की टीम को अभियान के निर्देश दिए गए। पहले दिन ज्वॉइंट मजिस्ट्रेट एवं एसडीएम बागपत पुलकित गर्ग, जिला पूर्ति अधिकारी नीरज सिंह, वरिष्ठ बाट माप निरीक्षक पवन कुमार ने गौरीपुर मोड़ के निकट जोली पेट्रोल पंप की जांच की, जहां व्यवस्थाएं सही मिली हैं। इसके अलावा खेकड़ा में भी जांच कराई गई है।
यह भी पढ़ें: एक्सक्लूसिव: हर रोज 60 हजार लीटर नकली पेट्रोल-डीजल बना रहे थे माफिया, अब हुए कई बड़े खुलासे
घटतौली और मिलावट बर्दाश्त नहीं : शकुंतला गौतम
डीएम शकुंतला गौतम ने कहा कि मेरठ में मिलावट का प्रकरण सामने आया है। जिले में अभी तक ऐसा मामला नहीं पकड़ा गया, लेकिन जांच शुरू करा दी गई है। गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।