शताब्दीनगर में पोस्टर चस्पा करने वालों की पुलिस से नोकझोंक
परतापुर। शताब्दीनगर में मकान बिकाऊ के पोस्टर चस्पा करने वाले लोगों की रविवार को पुलिस से नोकझोंक हो गई। काफी देर तक हंगामा भी हुआ। इन लोगों ने आरोप लगाया था कि ठेकेदार के संरक्षण में बाहरी लोगों का प्रवेश बढ़ रहा है। असामाजिक तत्वों के कारण वह परेशान हैं और उन्हें मकान बेचकर जाना पड़ेगा।
शताब्दीनगर सेक्टर 4बी के करीब 50 लोगों ने मकान बिक्री के पोस्टर चस्पा कर दिए थे। इसी मामले में रविवार को लोगों ने हंगामा किया। इस दौरान पुलिस के साथ लोगों की काफी देर तक नोंकझोंक हो गई। इन लोगों ने निर्णय लिया कि वह एसएसपी से मिलेंगे और एमडीए कार्यालय पर धरना देंगे।
हिंदू जागरण मंच के महानगर अध्यक्ष सचिन सिरोही, संजय वर्मा, उद्देश्य फाउंडेशन के अध्यक्ष हृदय मोहन शर्मा पहुंच गए। उन्होंने पुलिस से असामाजिक तत्वों पर रोक लगाने के लिए कहा। पुलिस के मुताबिक ठेकेदार से मकान के कागजात देखे तो सही पाए गए। पुलिस ने हंगामा करने वाले लोगों से कहा कि इस मामले में एमडीए ही कुछ कर सकेगा। इस मौके पर उज्जवल रस्तोगी, रमेश शर्मा, कुलदीप शुक्ला, वीरेंद्र फौजी, अशोक, राजेश यादव, सुभाष, मनोज कुमार, मोहित, लोकेश सहित अन्य मौजूद रहे।