आरक्षण के मसले पर दलितों की भाजपा से नाराजगी जगजाहिर हो चुकी है। ऐसे में पीएम नरेंद्र मोदी खुद सामने आए और दलितों के लिए किए कार्यों को गिनाना शुरू कर दिया। भाजपा की स्पष्ट मंशा है कि मुस्लिम वोटों के साथ कोई बड़े वोट बैंक वाली बिरादरी प्लस न हो।
मोदी ने कहा कि मुद्रा योजना में सबसे ज्यादा लोन दलितों को दिया गया, इसके अलावा बाबा आंबेडकर से जुड़े पंच तीर्थ का विकास किया। कांग्रेस पर जातिवाद की राजनीति करने का आरोप लगाया।
ओबीसी को भी रिझाया
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि ओबीसी आयोग को संवैधानिक दर्जा देने वाले कानून को यूपीए ने रोक दिया, लेकिन वह वादा करते हैं कि इस काम को पूरा कर ही दम लेंगे। पीएम ने कहा कि वह ओबीसी के साथ अन्याय नहीं होने देंगे, हर हाल में इंसाफ होगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ठीक 12 बजे खेकड़ा स्टेडियम पहुंचे और मंच के पीछे बनी गैलरी में नेताओं से मुलाकात करते हुए 12.06 बजे मंच पर पहुंचे। इसके बाद बागपत सांसद और केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. सत्यपाल सिंह का स्वागत संबोधन हुआ।
उनके बाद केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने ईस्टर्न पेरिफेरल सहित तमाम योजनाओं की जानकारी दी। गडकरी के बाद हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और उनके बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसभा को संबोधित किया।
इन सबके संबोधन के बाद 12.52 मिनट पर रिमोट कंट्रोल से मंच पर से ही मोदी ने ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस हाइवे का लोकार्पण किया, जिसके बाद तीन मिनट की इस एक्सप्रेस वे निर्माण की डॉक्यूमेंट्री दिखाई गई।
12.58 मिनट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संबोधन शुरू किया। उनका यह संबोधन पूरे 50 मिनट चला। 1.48 पर संबोधन समाप्त करने के बाद मोदी पिछली जनसभाओं की तरह तुरंत मंच से नीचे नहीं उतरे, बल्कि करीब 5 मिनट तक मंच पर तमाम नेताओं के साथ बैठे रहे और वार्ता करते रहे। नरेंद्र मोदी सड़क मार्ग से ही दोपहर 2 बजे दिल्ली के लिए प्रस्थान कर गए।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/