मेरठ। कोरोना की तीसरी लहर से निबटने की तैयारी जोरों पर चल रही है। अपर निदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य डॉ. राजकुमार ने मेरठ मंडल के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों (सीएमओ) को 31 जुलाई तक ऑक्सीजन जरनेशन प्लांट समेत सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
मेरठ मंडल में 57 ऑक्सीजन प्लांट लगाए जा रहे हैं। इसमें मेरठ में 11, गाजियाबाद में 11, गौतमबुद्धनगर में 11, बुलंदशहर में 15, बागपत में 3 और हापुड़ में 6 प्लांट पर काम चल रहा है। इनका 90 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है। बाकी कार्य भी 31 जुलाई तक पूरा कर लिया जाएगा। डॉ. राजकुमार ने बताया कि मंडल की आशा व एएनएम को प्रशिक्षण दिया गया कि यदि कोरोना की तीसरी लहर आती है तो किस तरह उससे निबटना है। सावधानी बरतने की जरूरत है, मास्क लगाएं और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें। वहीं, बच्चों के इलाज के लिए मेरठ में आठ, गाजियाबाद में छह, गौतमबुद्घनगर में पांच, बागपत में सात, बुलंदशहर में छह और हापुड़ में पांच, पीडियाट्रिक आईसीयू वार्ड बनाए गए हैं।