शहर में चल रही 25 अवैध वाहन पार्किंग वैध करने की तैयारी शुरू
मेरठ। महानगर की सड़कों पर अलग-अलग 25 स्थानों पर चल रही अवैध वाहन पार्किंग को नगर निगम ने वैध करने की तैयारी शुरू कर दी है। 30 जुलाई को वाहन पार्किंग नीलामी का निर्णय लिया गया है। इससे वाहन पार्किंग में जनता के वाहन सुरक्षित रहेंगे और अवैध कारोबार करने वालों पर नकेल लगेगी।
अमर उजाला ने मंगलवार के अंक में शहर में संचालित अवैध वाहन पार्किंग पर समाचार प्रकाशित करके नगर निगम के सोए अधिकारियों को जगाने का काम किया। इन वाहन पार्किंग में न तो वाहन सुरक्षित हैं और न ही अवैध पार्किंग चलाने वालों के खिलाफ नगर निगम कोई कार्रवाई कर पा रहा है। इससे नगर निगम को राजस्व की हानि हो रही है। बताया जा रहा है कि नगर निगम ने पहले भी एक बार वाहन पार्किंग की नीलामी का निर्णय लिया था, लेकिन उस निर्णय को कुछ समय बाद ही अधिकारियों ने वापस ले लिया था। इससे अवैध वाहन पार्किंग चलाने वालों के हौसले बुलंद थे।
महानगर में सभी बैंक, होटल, रेस्टोरेंट, कोचिंग सेंटर, नर्सिंग होम आदि स्थानों पर वाहन पार्किंग चल रही है, यहां जनता से अवैध वसूली हो रही है। नगर निगम के संपत्ति अधिकारी राजेश कुमार का कहना है कि सभी वाहन पार्किंग की नीलामी 30 जुलाई को निश्चित की गई है। इच्छुक बोली दाताओं को आमंत्रित किया गया है। वाहन पार्किंग स्वामियों को नगर निगम की तरफ से वाहन पार्किंग शुल्क वसूली की रेट लिस्ट भी जारी की जाएगी।