कब्जा हटवाने की मांग करते हुए प्रधान ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
सरधना। तहसील सरधना की ग्राम पंचायत जाफरनगर बेगमाबाद में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। ग्राम प्रधान सुरेश चंद ने उपजिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है।
ग्राम प्रधान द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि भूमि राजस्व अभिलेखों में सरकारी जमीन के रूप में दर्ज है, जिसे लेखपाल एवं कानूनगो द्वारा विधिवत रूप से नापतौल कर चिह्नित भी किया जा चुका है। इसके बावजूद, स्थानीय लोगों द्वारा इस भूमि पर अवैध रूप से गेट और दीवार का निर्माण कर लिया गया है। यह न सिर्फ सरकारी संपत्ति पर अतिक्रमण है, बल्कि ग्राम पंचायत की प्रशासनिक व्यवस्था के लिए भी चुनौती है।
ग्राम प्रधान सुरेश चंद ने मांग की है कि राजस्व विभाग की रिपोर्ट के आधार पर मौके पर टीम भेजकर भूमि का निरीक्षण कराया जाए और अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। ग्राम पंचायत की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराकर पंचायत को सौंपी जाए।
सरकारी भूमि पर कब्जे की शिकायत को लेकर 24 सितंबर को ज्ञापन को सौंपा गया था, लेकिन प्रशासन द्वारा कोई स्पष्ट कार्रवाई नहीं की गई। ग्राम प्रधान व ग्रामीणों ने एसडीएम से मामले में कार्रवाई की मांग की है। एसडीएम उदित नारायण सेंगर ने अवैध कब्जे की शिकायत पर राजस्व टीम गठित कर जांच रिपोर्ट प्रेषित करने के निर्देश दिए हैं।