संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। बृहस्पतिवार की रात शुरु हुई तेज हवा और बारिश के कारण नगर क्षेत्र के कई इलाकों में पूरी रात विद्युत आपूर्ति ठप रही। शुक्रवार को आपूर्ति तो शुरु हो गई लेकिन दिन भर आंख मिचौली चलती रही।
बृहस्पतिवार रात 10 बजे के आसपास तेज हवा के साथ हल्की बूंदाबांदी शुरु हुई। रात 11:30 बजे से तेज बारिश शुरु हो गई। इससे मुख्य मार्ग सहित कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। वहीं तेज हवा चलने के साथ ही आपूर्ति ठप हो गई। मोहल्ला हीरालाल, तहसील रोड, तहसील परिसर, थाना, सीएचसी में पूरी रात आपूर्ति ठप रही।
वहीं इसके अलावा फलावदा चौराहे के आसपास की भी विद्युत आपूर्ति पूरी रात ठप रही। कुछ इलाकों में तो सुबह के समय बिजली आपूर्ति सुचारु कर दी गई। लेकिन कुछ में अपराह्न 1 बजे के आसपास बिजली आपूर्ति चालू हो सकी। वहीं दिनभर बिजली की आंख मिचौली जारी रही। फाल्टों के चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
अधिशासी अभियंता सतीश चंद्र ने बताया कि हस्तिनापुर रोड स्थित बिजलीघर की हाईटेंशन लाइन पर पेड़ गिरने के कारण आपूर्ति ठप रही। पेड़ को हटाकर आपूर्ति चालू की तो बिजलीघर में लगी वीसीबी मशीन फुंक गई। जिसे बदलने में काफी समय लगा।इसके बाद अपराह्न 1 बजे हस्तिनापुर रोड स्थित बिजलीघर से आपूर्ति सुचारु हो सकी।
बिजली के टूटे खंभे। (फलावदा)