पद यात्रा रोकने की कोशिश नहीं होगी सफल
राष्ट्रवादी समान अधिकार पद यात्रा का नेतृत्व करने वाले शेर सिंह राणा का कहना है कि पद यात्रा रोकने की कोशिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा। आरोप लगाया कि योगी सरकार के इशारे पर प्रशासन यात्रा रोकना चाहता है। उन्होंने कहा कि रविवार को पद यात्रा शाकंभरी देवी से निर्धारित समय पर शुरू होगी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर किसी को अपनी बात कहने का अधिकार है। आम आदमी पार्टी और समाज वादी पार्टी द्वारा भी तो सहारनपुर से साइकिल रैली निकाली गई है। पद यात्रा का मकसद लोगों को जागरूक करना है।
डीएम से मिलकर जताई नाराजगी
राष्ट्रवादी समान अधिकार पद यात्रा को अनुमति न दिए जाने पर समर्थकों ने जिलाधिकारी आलोक पांडेय से मिलकर अपनी नाराजगी जताई। पद यात्रा के संयोजक ललित राणा गाजियाबाद का कहना था कि सवर्ण समाज की तरफ से यह पद यात्रा की जा रही है। इसके पीछे मंशा किसी का विरोध करना नहीं है। पद यात्रा पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से निकाली जाएगी। डीएम ने पुलिस अधिकारियों से बात करने का आश्वासन दिया। ललित राणा के अलावा पूरण सिंह, महेश राणा, कान सिंह राणा, दीपक सोम, सन्नी राणा, काका, संदीप, मोदी शर्मा, लखन राणा, जुगनू राणा आदि इस दौरान मौजूद थे।
दो संयोजकों को दिए नोटिस
प्रशासन की तरफ से राष्ट्रवादी समान अधिकार पद यात्रा को लेकर सहारनपुर में बनाए गए संयोजक ठाकुर भीम सिंह और महेश ठाकुर को नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में कहा गया है कि जिले में धारा 144 लागू कर दी गई है। यदि निषेधाज्ञा का उल्लंघन किया गया तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पद यात्रा को अनुमति नहीं
राष्ट्रवादी समान अधिकार पद यात्रा के अनुमति प्रार्थना पत्र को धारा 144 लागू होने के चलते निरस्त कर दिया गया है। संयोजकों को नोटिस तामिल करा दिए गए हैं। बिना अनुमति के यात्रा निकालने की कोशिश की गई तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। -
शिव नारायण शर्मा, उप जिलाधिकारी बेहट।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/