मेरठ। ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में मुकुट महल के पास शुक्रवार सुबह कार सवार दो पुलिसकर्मियों ने नगर निगम के चालक टीपीनगर निवासी अनुज के साथ जमकर मारपीट की। मारपीट में चालक के मुंह पर चोट लग गई। निगम कर्मियों ने पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए जमकर हंगामा किया। सूचना पर टीपीनगर व ब्रह्मपुरी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने हंगामा कर रहे कर्मियों को शांत किया। पुलिस ने जांच के बाद उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। दोनों पुलिसकर्मी हंगामा बढ़ता देख अपनी कार छोड़कर भाग गए।
टीपीनगर निवासी अनुज दिल्ली रोड स्थित नगर निगम के डिपो में कूड़ा गाड़ी चलाने का काम करता है। शुक्रवार सुबह वह मुकुट महल के पास दिल्ली की ओर जाने वाली सर्विस रोड पर गाड़ी लेकर जा रहा था। मुकुट महल से 100 मीटर पहले एक कार में दो पुलिसकर्मी मौजूद थे। अनुज ने हॉर्न बजाकर कार को साइड करने के लिए कहा। मगर पुलिसकर्मियों ने कार नहीं हटाई। इस कारण रोड पर जाम के हालात बन गए।
दोबारा से हॉर्न बजाने पर पुलिसकर्मियों ने चालक के साथ गाली-गलौज कर दी। चालक ने दोनों की हरकतों का विरोध किया। आरोप है कि दोनों ने चालक पर लात-घूंसों से हमला कर दिया। पुलिसकर्मियों ने चालक को सड़क पर दौड़ाकर पीटा। हमले में चोट लगने से चालक घायल हो गया। अनुज ने निगम कर्मियों को फोन कर मामले की जानकारी दी। मौके पर सैकड़ों की संख्या में कर्मचारी मौके पर पहुंच गए।
निगम कर्मियों ने कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा कर दिया।एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि फिलहाल तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।