नगर के संजय चौक स्थित गंगोह रोड पर नीरज जैन की सर्राफा की दुकान है। बुधवार की दोपहर करीब 12 बजे नीरज जैन की गैरमौजूदगी में भारत सरकार लिखी कार सवार दो व्यक्ति दुकान पर पहुंचे। उन्होंने दुकान के नौकर से व्यापारी नीरज जैन के बारे में पूछा। इसी बीच एक व्यक्ति ने नौकर के साथ मारपीट कर डाली, जिससे मौके पर भीड़ जुट गई। लोगों ने दोनो को पकड़ कर कार सहित पुलिस को सौंप दिया।
थाने पर कार सवार व्यक्ति ने खुद को दिल्ली आयकर में निरीक्षक के पद पर तैनात बताते हुए पुलिस के साथ भी गाली गलौज शुरू कर दी। पता चलने पर उसके परिजन थाने पहुंचे तो उसने उनके साथ भी गाली गलौज करते हुए पुलिस अधिकारियों को अंजाम भुगतने की धमकी दे डाली। इतना ही नहीं कि वह अपनी कार की छत पर खड़ा होकर हंगामा करने लगा। उसने अपनी शर्ट तक उतार दी।
परिजनों द्वारा थाना प्रभारी निरीक्षक त्रिभुवन सिंह व सीओ मुनीश चन्द्र को बताया कि व्यक्ति को अचानक से दौरा पड़ा गया है, जिससे इसका मानसिक संतुलन बिगड़ गया है। इसके बाद पुलिस के आयकर अधिकारी को उपचार के लिए परिजनों के सुपुर्द किया। थाना प्रभारी निरीक्षक त्रिभुवन सिंह ने बताया कि व्यक्ति दिल्ली में आयकर विभाग में निरीक्षक के पद पर तैनात है जो छुट्टी आया हुआ है। वह किसी काम से बाजार आया था जहां उसने सर्राफा व्यापारी के नौकर के साथ मारपीट कर डाली। थाना पहुंचे परिजनों ने बताया कि युवक की मानसिक दशा ठीक नहीं है। यह कभी-कभी उत्तेजित हो जाता है। इस मामले में किसी ने तहरीर नहीं दी है।