सरधना में पुलिस ने रोका हिंदू संगठनों का पैदल मार्च
सरधना। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल ने देश में धर्मांतरण पर रोक, लव जिहाद और गोहत्या पर कानून बनाने की मांग को लेकर सरधना में पैदल मार्च निकाला। पुलिस ने तहसील पहुंचने से पहले ही गुजरान गेट पर कार्यकर्ताओं को रोक लिया। यहां पर नोकझोंक भी हुई।
विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंद गल के कार्यकर्ता मंगलवार को रामलीला मैदान में एकत्रत हुए। यहां से बजरंग दल के विभाग संयोजक मिलन सोम के नेतृत्व में कार्यकर्ता तहसील मुख्यालय के लिए रवाना हुए, लेकिन पुलिस प्रशासन ने उन्हें तहसील मुख्यालय पहुंचने से पूर्व ही गुजरान गेट पर रोक लिया। इस दौरान बीच में पैदल मार्च को रोकने परपुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच नोकझोंक हुई। हंगामे के बाद देवी मंदिर परिसर में ही राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन एसडीएम को सौंपा गया। कार्यकर्ताओं ने मांगों पर कानून बनाने की मांग की। आरोप लगाया कि दूसरे समुदाय के लोग हथकंडे अपनाकर धर्मांतरण व लव जिहाद करते हैं। सुनील सिद्धू, राधेश्याम अग्रवाल, मनु त्यागी, अर्जुन राणा, प्रदीप सोम, सचिन सोम, अमित कालंदी मौजूद रहे।
कोरोना गाइडलाइन का किया उल्लंघन
पैदल मार्च में 100 से अधिक लोग शामिल थे और कोरोना गाइडलाइन का पालन नहीं कर रहे थे, जिस कारण पैदल मार्च को देवी मंदिर पर ही पुलिस ने रोका। मांगपत्र तो प्रतिनिधिमंडल भी दे सकता था। - अमित कुमार भारतीय, एसडीएम सरधना
घर पर पहुंच पुलिस ने बनाया दबाव
सोमवार रात पुलिसकर्मी घर पहुंचे और पैदल मार्च स्थगित करने का दबाव बनाया। शांतिपूर्ण मार्च को एसडीएम व थानाध्यक्ष ने रोक दिया। कोरोना गाइडलाइन का पालन किया जा रहा था। हाल ही में सपा व रालोद ने तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन किया था, तब पुलिस-प्रशासन को गाइडलाइन याद नहीं रही थी। -मिलन सोम, विभाग संयोजक, बजरंग दल