प्रधान और सचिव पर हमले में नौ लोगों पर मुकदमा
रोहटा। क्षेत्र के गांव पूठखास में नाला खोदाई का विरोध करते हुए हमलावरों ने ग्राम पंचायत सचिव व प्रधान के साथ मारपीट की थी। इस मामले में पुलिस ने नौ आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। मंगलवार को पुलिस की मौजूदगी में नाले की खोदाई का कार्य कराया गया।
पूठखास गांव के सचिव धर्मेंद्र कुमार ने थाने में मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि वह सोमवार को एसडीएम सदर के आदेश पर नाला खोदाई का कार्य करा रहे थे। इसी दौरान गांव के कुछ लोगों ने कार्य का विरोध करते हुए काम रोकने की कोशिश की। काम नहीं रोकने पर गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से ग्राम सचिव और प्रधान पर हमला बोल दिया था। हमलावरों ने पथराव भी किया था, जिसमें सचिव के अलावा ग्राम प्रधान महेश राणा और राजमिस्त्री घायल हो गए थे।
पुलिस ने विनोद गिरि, सौरभ, आदेश, मूलचंद, पप्पू, पुष्पेंद्र, प्रदीप, नीलू और राजकुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दबिश देकर आरोपी विनोद व प्रदीप को गिरफ्तार कर चालान कर दिया। वहीं, घटना अधिकारियों के संज्ञान में आने पर मंगलवार को पुलिस की मौजूदगी में नाला खुदाई का कार्य कराया गया।