फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Meerut News: दो करोड़ की चोरी की सूचना पर दिनभर दौड़ी पुलिस, शाम को घर में ही मिले गहने

विज्ञापन
विज्ञापन
मेरठ। कोतवाली के जाटव गेट बनिया पाडा पुलिस चौकी से दस मीटर दूर रहने वाले फल आढ़ती इरशाद ने घर से दो करोड़ रुपये के जेवर चोरी होने की सूचना देकर पूरे पुलिस महकमे को दिनभर दौड़ाए रखा। कारोबारी ने बृहस्पतिवार सुबह पुलिस को बताया कि उनके घर से कीमती गहने अचानक चोरी हो गए हैं। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घर से लेकर आसपास तक गहन जांच शुरू कर दी।
विज्ञापन

पुलिस दिनभर सीसीटीवी खंगालती रही, पड़ोसियों से पूछताछ करती रही और विभिन्न एंगल से जांच को आगे बढ़ाती रही। हालांकि न तो सेफ के ताले टूटे न ही कोई संदिग्ध व्यक्ति आता-जाता दिखाई दिया। मामले को गंभीर मानकर एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की लेकिन शाम होते-होते घटनाक्रम में चौंकाने वाला मोड़ आया। जांच के दौरान जेवर घर के ही एक कमरे से बरामद हो गए।
जानकारी के मुताबिक इरशाद ने 20 दिन पहले अपनी बेटी तमरीन की शादी लिसाड़ी गेट के नीचा सद्दीकनगर निवासी आढ़ती नौशाद के बेटे भूरा से की थी। बताया जा रहा है कि शादी में लगभग पांच करोड़ रुपये खर्च हुए थे। इरशाद ने बेटी तमरीन को एक किलो सोने व हीरे के जेवरात दिए थे जो घर में ही रखे थे। इरशाद ने बताया कि दो दिन पहले ही तमरीन मायके आई थी। बृहस्पतिवार सुबह वह आढ़त पर चला गया। घर पर बेटी तमरीन के अलावा पत्नी, बेटे व उसकी पत्नी समेत 14 लोग मौजूद थे।
विज्ञापन

इरशाद ने बताया कि बेटा सोहेल सुबह सात बजे नाश्ते का सामान लेने गया था। वापस आया तो देखा कि जिस सेफ में तमरीन के जेवरात रखे थे उनमें से सोने चांदी व डायमंड के जेवरात व नकदी का डिब्बा गायब था। जिस कमरे में सेफ रखी थी उसमें इरशाद पत्नी के साथ सोया हुआ था। चोरी की सूचना तत्काल बनियापाड़ा पुलिस चौकी व कोतवाली थाना पुलिस को दी गई।
पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटना की जांच की। सीओ कोतवाली अंतरिक्ष जैन ने भी मौके पर जाकर जांच की। पुलिस ने देखा कि जिस सेफ में गहने रखे थे उसका ताला नहीं टूटा था। हालांकि सेफ में रखा कैश सुरक्षित था। जिस कमरे में चोरी हुई उसके बाहर सीसीटीवी कैमरा लगा था। हालांकि फुटेज में कोई बाहरी व्यक्ति आता जाता नहीं दिखाई दिया। पुलिस ने इरशाद से चोरी की तहरीर देने को कहा लेकिन वह इन्कार करने लगा।
शाम को एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह भी इरशाद के घर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने भी इरशाद से तहरीर देने की बात कही तो उसने इन्कार कर दिया। इसके बाद एसपी वहां से लौट गए। देर शाम इरशाद के परिजनों ने पुलिस को बताया कि घर के दूसरे कमरे से गहने मिल गए हैं। इसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली। हालांकि माना जा रहा है कि चोरी में घर का ही कोई सदस्य शामिल है इसलिए इरशाद और उसके परिजन तहरीर नहीं दे रहे थे। पुलिस ने दबाव बनाया तो उन्होंने जेवरात बरामद करा दिए। एसएसपी डॉ. विपिन ताड़ा ने बताया कि कारोबारी ने लिखित में पुलिस को दिया है कि गहने उनके घर से ही बरामद हो गए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें