गंगानगर। इंचौली निवासी कंटेंट क्रिएटर शादाब जकाती और उसकी पत्नी साजिया सहित अन्य लोगों के बयान पुलिस ने दर्ज किए हैं। वही शादाब और अपनी पत्नी ईरम पर आरोप लगाने वाले खुर्शीद के बयान होने बाकी हैं। इधर सोशल मीडिया पर एक और वीडियो सामने आया है। इसमें खुर्शीद, शादाब, ईरम के साथ बैठा है और कह रहा है कि वह खुद ईरम को शादाब के साथ भेजता है। पुलिस सभी बिंदुओं को रिपोर्ट में शामिल कर जांच कर रही है। रविवार को जांच रिपोर्ट अधिकारियों को भेज दी जाएगी।
दरअसल तीन दिन पहले खुर्शीद ने शादाब जकाती और अपनी पत्नी ईरम पर हत्या की धमकी देने का आरोप लगाया था। इस मामले में एसपी देहात ने सीओ सदर देहात शिव प्रताप सिंह को जांच सौंपी थी। सीओ ने शनिवार को शादाब, उसकी पत्नी साजिया सहित अन्य लोगों के बयान दर्ज किए लेकिन इंचौली निवासी खुर्शीद पुलिस के सामने उपस्थित नहीं हुआ। उसके बयान दर्ज होने बाकी है।
सीओ के मुताबिक करीब एक सप्ताह पूर्व भी शादाब और खुर्शीद व अन्य लोगों में विवाद हुआ था। इसकी तहरीर भी इंचौली थाने में आई थी। वहीं 31 दिसंबर की रात को फिर से विवाद हुआ और खुर्शीद ने इंचौली थाने पहुंचकर शादाब और अपनी पत्नी पर गंभीर आरोप लगाते हुए दोनों से जान का खतरा बताया था। सीओ सदर देहात के मुताबिक रविवार सुबह को खुर्शीद के बयान दर्ज कर जांच रिपोर्ट तैयार हो जाएगी और उच्च अधिकारियों को भेज दी जाएगा।
खुर्शीद अपनी बात से पलटा, बोला- अपनी मर्जी से भेजता हूं
शुक्रवार रात इस मामले से जुड़ा एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसमें शादाब जकाती, खुर्शीद और उसकी पत्नी ईरम एक साथ बैठे हुए हैं। इस वीडियो में पहले शादाब जकाती खुर्शीद से कहता है कि बोल, मैं ईरम को अपनी मर्जी से भेजता हूं, बोल। इसके बाद खुर्शीद बोलता है कि हां भाई साहब मैं अपनी मर्जी से भेज रहा हूं। शादाब भाई ले जा रहे हैं, हमारी बीवी जा रही हैं। इनकी खुशी में और इनकी खुशी में मेरी खुशी। ठीक है भाई साहब। इसके बाद शादाब बोलता है कि अगर ऐसा है तो रोना ही काहे का है भाई।