पुलिस बोली जांच तेज, नतीजा फिर भी शून्य
मेरठ। स्क्रैप व्यापारी निर्देश गौतम की मौत की जांच में मेडिकल पुलिस उलझ गई है। निर्देश की पत्नी व मां एक-दूसरे पर आरोप रही हैं, लेकिन पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पा रही है। विसरा की फोरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा।
शास्त्रीनगर एल ब्लाक निवासी निर्देश गौतम का शव मंगलवार को मिला था। जांच में सामने आया है कि निर्देश जिस कोठी में रहते थे, उस पर परिवार के लोगों की नजर थी। विवेचक इंस्पेक्टर संतशरण सिंह का कहना कि एक तरफ निर्देश व उनकी पत्नी मंजू गौतम थे। दूसरी तरफ निर्देश की मां मीना गौतम और बहन-बहनोई थे। पत्नी मंजू का आरोप है कि उसकी ननद ने गलत दवाई खिला दी, जिससे उसका गर्भपात हुआ था। ननद-ननदोई और सास ने पहले भी काफी संपत्ति बेची और अब कोठी बेचने की बात कहते थे।
वहीं, निर्देश के जीजा देवेश गौतम का आरोप है कि मंजू ने 19 अक्तूबर को सास और पति को पीटा। सास की कूल्हे की हड्डी में फ्रैक्चर आया था। फिलहाल निर्देश की पत्नी मंजू आगरा स्थित कमलानगर में मायके में रहती है। वह बुधवार को मेरठ आई थी, तब तक अंतिम संस्कार हो चुका था।
एसपी सिटी ने इंस्पेक्टर को लगाई फटकार
इस मामले में एसपी सिटी ने इंस्पेक्टर मेडिकल और विवेचक को फटकार लगाई। कहा कि जब निर्देश की मां मीना गौतम को फ्रैक्चर आया था, तो पुलिस ने एनसीआर दर्ज करके पल्ला क्यों झाड़ दिया। विवेचक पर कार्रवाई हो सकती है।