-आरोपियों के पास से पुलिस को भारी मात्रा में सामान हुआ बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
कंकरखेड़ा। थाना कंकरखेड़ा पुलिस व स्वाट टीम ने बुधवार को सरधना रोड स्थित ड्रीम सिटी कॉलोनी में दीपक जैन के मकान पर छापा मारा। मौके पर दीपक के अलावा दो अन्य आरोपी भी थे। तीनों आरोपी ऑनलाइन आईपीएल पर सट्टा लगवाते थे। गिरोह में शामिल तीनों आरोपियों की पहचान सरधना निवासी दीपक जैन, अरुण जैन व विमल जैन के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सट्टे से संबंधित सामान बरामद किया। पुलिस आरोपियों के लिंक किन लोगों से जुड़े हैं। उसकी जांच में भी जुट गई है।
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बृहस्पतिवार को पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता में इसकी जानकारी दी। बताया कि पुलिस को काफी समय से सूचना मिल रही थी कि ड्रीम सिटी कॉलोनी में दीपक जैन के मकान पर ऑनलाइन आईपीएल पर सट्टा लगाया जाता है। बुधवार रात पुलिस ने आरोपी के मकान पर छापा मारा। पुलिस ने तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस को दो एलईडी टीवी, 11 मोबाइल फोन, 4300 रुपये, एक डेबिट कार्ड और अन्य उपकरण शामिल हैं। मोबाइल फोन में एंड्रॉयड और की पैड दोनों प्रकार के हैं, जिनका उपयोग सट्टेबाजी और अन्य अवैध गतिविधियों में किया जा रहा था।
एसपी सिटी ने बताया कि जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन ऐप के माध्यम से सट्टा लगवाने का काम करते थे। आरोपियों ने कई व्हाट्सएप ग्रुप बना रखे थे। इनके द्वारा आरोपी लोगों से सट्टे के लिए संपर्क करते थे। पुलिस को आरोपियों के मोबाइल से कुछ संदिग्ध नंबर व सट्टे से संबंधित जानकारी मिली है। पुलिस आरोपियों के नंबर की सीडीआर निकलवाकर जांच कर करेगी। एसपी सिटी का कहना है कि आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। गिरोह में शामिल अन्य लोगों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
-