फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Meerut News: रैपिड-मेट्रो के सहारे पीएम मोदी करेंगे क्रांतिधरा से मिशन 2027 का आगाज

विज्ञापन
संदीप,,,, पीएम मोदी के मेरठ आगमन पर मोहिउददीनपुर में जनसभा के लिए बनाया जा रहा हे​लीपेड - फोटो : udhampur news
विज्ञापन
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की सियासी बिसात अभी से बिछनी शुरू हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 22 फरवरी को क्रांतिधरा मेरठ में रैपिड-मेट्रो ट्रेन का लोकार्पण कर चुनावी शंखनाद करेंगे। मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी अब तक मेरठ में छह रैलियां कर चुके हैं और अब यह उनकी सातवीं बड़ी रैली होगी। ऐतिहासिक रूप से यूपी विधानसभा और लोकसभा चुनाव प्रचार का शंखनाद भाजपा पश्चिमी उत्तर प्रदेश से ही करती आ रही है। विधानसभा चुनाव में अब बहुत कम समय शेष रहने के कारण प्रधानमंत्री की इस प्रस्तावित मेरठ रैली ने विपक्षी दलों के खेमे में हलचल तेज कर दी है।
विज्ञापन

देश के पहले रीजनल रैपिड ट्रेन कॉरिडोर (दिल्ली-मेरठ) पर वर्तमान में आंशिक रूप से नमो भारत दौड़ रही है। आगामी 22 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पूरे रैपिड रूट और मेरठ में मेट्रो ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर जनता को समर्पित किया जाएगा। इस दौरान प्रधानमंत्री एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे। रैपिड-मेट्रो के इस भव्य उद्घाटन को सीधे तौर पर 2027 के यूपी मिशन का चुनावी आगाज माना जा रहा है। इस सक्रियता ने सपा और बसपा जैसे विपक्षी दलों के होश उड़ा दिए हैं और सभी की निगाहें अब प्रधानमंत्री के इस मेरठ दौरे पर टिक गई हैं।



2014 में मेरठ से उठी थी विजय शंखनाद की गूंज

भाजपा के प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनने के बाद नरेंद्र मोदी ने 2 फरवरी 2014 को मेरठ में विजय शंखनाद रैली की थी। उस समय नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे। यहीं से भाजपा के पक्ष में ऐसी लहर चली कि केंद्र में पहली बार प्रचंड बहुमत वाली भाजपा सरकार बनी। उस दौर में मोदी को सुनने के लिए मेरठ सहित आसपास के तमाम जिलों से भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा था।
विज्ञापन




हर चुनाव का केंद्र रही है क्रांतिधरा

मेरठ भाजपा के लिए हमेशा से राजनीतिक रूप से भाग्यशाली साबित हुआ है। 2014 के बाद से लगभग हर चुनाव का प्रचार अभियान यहीं से शुरू किया गया है। 4 फरवरी 2017 में यूपी विधानसभा चुनाव के लिए पीएम मोदी ने परिवर्तन महारैली की जिसके बाद प्रदेश से सपा सरकार की विदाई हुई। 28 मार्च 2019 को मोदीपुरम क्षेत्र में विजय संवाद रैली के जरिए पश्चिमी यूपी में लोकसभा चुनाव का बिगुल फूंका। 2 जनवरी 2022 को सलावा में प्रदेश के पहले खेल विश्वविद्यालय का शिलान्यास किया और जनसभा को संबोधित किया। 31 मार्च 2024 को मेरठ से भारत रत्न चौधरी चरण सिंह गौरव समारोह (गौरव रैली) के माध्यम से लोकसभा चुनाव का चुनावी अभियान शुरू किया।



2009 की वह ऐतिहासिक रैली

गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर नरेंद्र मोदी ने 2009 के लोकसभा चुनाव में मेरठ के जिमखाना मैदान में चुनावी जनसभा की थी। उस समय भाजपा उम्मीदवार राजेंद्र अग्रवाल थे। तमाम विपरीत परिस्थितियों के बावजूद मेरठ में भाजपा की जीत का बड़ा श्रेय मोदी की उस प्रभावी रैली को ही दिया गया था।



गेम चेंजर साबित होगा रैपिड-मेट्रो लोकार्पण

प्रधानमंत्री मोदी द्वारा रैपिड-मेट्रो का लोकार्पण 2027 के चुनाव में भाजपा के लिए गेम चेंजर साबित हो सकता है। 22 फरवरी के इस कार्यक्रम को भाजपा के चुनावी अभियान की आधिकारिक शुरुआत माना जा रहा है। 2027 के चुनाव पर अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए भाजपा इस रैली को एक बड़े शक्ति प्रदर्शन में बदलने की तैयारी में जुटी है। इस मौके पर मेरठ की धरती पर पीएम मोदी और सीएम योगी एक साथ एक मंच पर दिखाई देंगे।



यूजीसी एक्ट के बाद डैमेज कंट्रोल की कवायद

सवर्ण जातियों को पारंपरिक रूप से भाजपा का कैडर वोटर माना जाता है। हाल ही में यूजीसी एक्ट को लेकर जिस तरह से सवर्ण जातियों की तीखी प्रतिक्रिया सामने आई उसने भाजपा नेतृत्व को चिंता में डाल दिया है। ऐसे में राजनैतिक गलियारों में चर्चा है कि रैपिड-मेट्रो के लोकार्पण और पीएम की रैली को एक बड़े डैमेज कंट्रोल के रूप में भी इस्तेमाल किया जाएगा। हालांकि भाजपा संगठन के पास अभी तक प्रधानमंत्री का विस्तृत आधिकारिक कार्यक्रम नहीं पहुंचा है लेकिन इसके बावजूद आंतरिक तौर पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रैली की तैयारियां तेज कर दी हैं। लक्ष्य साफ है इस रैली को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाकर 2027 की राह आसान करना।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें