अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने पर वृद्धा के यहां पहुंचे बीडीओ।
- फोटो : MAWANA
फलावदा(मेरठ)। गांव महलका में पीएम आवास योजना के लाभ से वंचित वृद्ध महिला की खबर अमर उजाला में प्रकाशित होने के बाद अधिकारियों में हड़कंप मच गया। मुख्य विकास अधिकारी के आदेश पर खंड विकास अधिकारी पात्रता की जांच करने गांव पहुंचे और उन्हें पात्र बताया।
प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ गरीब मजदूर पात्रों को नहीं मिल पा रहा है। गांव महलका में वृद्धा शीला देवी सहित दजर्नों गरीब परिवार पीएम आवास योजना के लाभ से वंचित हैं। वृद्ध महिला टूटे मकान में रहकर जीवन यापन कर रही है। उसने पीएम आवास योजना के लिए कई बार फार्म भरा, लेकिन पात्रों की सूची में कभी शामिल नहीं हुई। अमर उजाला संवाददाता ने गांव पहुंचकर शीला देवी के टूटे मकान की कवरेज की। अमर उजाला में समाचार प्रकाशित होते ही टीम ने गांव जाकर पात्रता की जांच की। खंड विकास अधिकारी डॉ. साजिद अहमद तथा ग्राम सचिव देवेंद्र कुमार ने बताया कि शीला देवी का मनरेगा जॉब कार्ड बनवा दिया गया है तथा जल्द ही उसके मकान बनाने के लिए धनराशि उसके खाते में पहुंच जाएगी। जांच अधिकारियों के साथ समाज सेवी जीशान अंसारी भी मौजूद थे।
वृद्धा जो तिरपाल डालकर रहने को मजबूर है, पालिका ने उसे पीएम आवास के लिए आपत्र बताया।- फोटो : MAWANA