सरधना। मोहल्ला गोमती नगर में मारपीट में घायल युवक। संवाद
सरधना। नगर के मोहल्ला गोमती नगर में शुक्रवार को रास्ते से ई-रिक्शा हटाने को लेकर पिकअप चालक पर कुछ लोगों ने धारदार हथियारों से हमला कर दिया। आरोप है कि इस दौरान पथराव भी किया गया, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई। हमले में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे तत्काल सीएचसी में भर्ती कराया गया।
घायल मासूम पुत्र मुजम्मिल गोमतीनगर का निवासी है। वह पिकअप चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। घटना के समय वह मोहल्ले में पिकअप लेकर जा रहा था। रास्ते में खड़ी ई-रिक्शा को हटाने के लिए कहने पर आरोपियों ने गाली-गलौज की और विरोध करने पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ थाने में तहरीर दी और पुलिस से शीघ्र कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने बताया कि हमले में शामिल आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है। घायल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।