यूपी के बिजनौर जनपद में उधार के मामले में कार्रवाई न होने से नाराज एक व्यक्ति ने तहसील चांदपुर में आयोजित समाधान दिवस में शिकायती पत्र देने के बाद तहसील परिसर में ही जहर खा लिया। व्यक्ति नशे की हालत में था। उसने अपने भाई को जहर खाने के बारे में बताया और बाद में लाठी लेकर बास्टा चौकी में पहुंच गया। चौकी में जाकर तोड़फोड़ की। उसे उपचार के लिए मेरठ रेफर किया गया है।
पुलिस के मुताबिक चांदपुर क्षेत्र के गांव सैदपुर निवासी अतुल गांव बसेड़ी निवासी मुकुल व उसके रिश्तेदारों के यहां ट्रैक्टर चलाता था। आरोप है कि अतुल ने कुछ दिन पहले मुकुल का ट्रैक्टर, टीलर व अन्य सामान बेच दिया। इस बात पर मुकुल से अतुल का विवाद हो गया। एक लाख 80 हजार रुपये में दोनों के बीच फैसला हुआ। ये पैसे अतुल को देने थे। अतुल ने कहा कि वह जमीन बेचकर पैसा दे देगा, लेकिन पैसा नहीं दिया। इस दौरान अतुल ने एक पुरानी अल्टो व बाइक खरीद ली। कुछ दिन पहले मुकुल और अतुल के गांव का पुष्पेंद्र व उसके रिश्तेदारों ने अतुल से बाइक छीनकर अपने घर खड़ी कर ली। इस बात पर विवाद और बढ़ता गया। अतुल अपनी बाइक वहां से समझौता करके फिर ले आया। मंगलवार को अतुल चांदपुर तहसील में आयोजित समाधान दिवस में पहुंचा और वहां प्रार्थना पत्र देकर तहसील परिसर में ही जहर खा लिया।