परतापुर/मोदीपुरम। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस वे पर रविवार को रुक-रुककर जाम लगता रहा। फोर्ड शोरूम के सामने इंटरचेंज से काशी टोल प्लाजा तक वाहनों के पहिए थमे रहे। सुभारती के पास से काशी टोल प्लाजा तक जाम लगा रहा। पुलिस ने रूट डायवर्ट कराकर स्थिति को काबू किया।
एनएच 58 स्थित फोर्ड शोरूम के पास दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस वे के इंटरचेंज से ऊपर जीआर इंफ्रा प्रोजेक्टस लिमिटेड द्वारा एक्सप्रेस वे पर निर्माण कार्य किया जा रहा है। जिस कारण वहां बड़ी-बड़ी मशीनें काम में लगी हैं। रविवार होने के कारण एक्सप्रेस वे पर वाहनों की संख्या अधिक थी जिस कारण जाम की स्थिति बन रही। जाम में कई वीआईपी गाड़ियां भी फंसी रही। ट्रैफिक पुलिस भी जाम खुलवाने में कड़ी मशक्कत की।
वहीं, मोदीपुरम दिल्ली-देहरादून हाईवे पर सिवाया टोल प्लाजा के पास रविवार को लोग जाम से जूझते रहे। टोल प्लाजा पर रविवार को लगभग 40 हजार वाहन गुजरे। जिसके चलते जाम की समस्या बन गई। शाम के समय हाईवे पर वाहन रेंगते नजर आए। टोल सुरक्षा अधिकारी मनिंदर विहान का कहना है इस समय वाहनों का दबाव बढ़ता जा रहा है। ज्यादातर सैलानी घूमने निकले हैं। जाम से निजात पाने के लिए अतिरिक्त लेन के माध्यम से वाहनों को निकाला गया। जिस और ज्यादा ट्रैफिक रहा उस और अतिरिक्त लेन को चलाकर ट्रैफिक को तेजी से निकाला गया। अतिरिक्त टोल कर्मी भी लगाए गए।