उधार लिए पैसे न लौटाने पर शोरूम पर लोगों का हंगामा
खरखौदा। कस्बे के एक शोरूम व्यापारी ने कस्बा सहित आसपास के कई लोगों से लाखों रुपये उधार ले लिए। पैसे न लौटाने पर सोमवार को सैकड़ों लोग शोरूम पर पहुंचे। व्यापारी ने रकम लौटाने से इनकार करते हुए गाली गलौज की। मामला थाने पहुंच गया। शाम तक व्यापारी तथा भीड़ थाने पर ही जमा थी।
सोमवार को थाने पहुंचे कस्बा निवासी व्यापारी महकार प्रधान, अमित त्यागी व चक्रेश त्यागी आदि ने बताया कि खरखौदा कस्बे में एक शोरूम व्यापारी ने इन लोगों सहित अन्य से लाखों रुपये उधार ले रखे हैं। तय समय पर रकम नहीं लौटाई। लोगों ने बताया कि उक्त शोरूम व्यापारी ने अनाधिकृत रूप से 30 माह का एक लकी ड्रॉ चलाया। जिसमें ढाई सौ लोगों ने हिस्सा लिया। जिसमें तय था कि प्रत्येक माह प्रत्येक सदस्य को 2000 की किस्त देनी होगी। लकी ड्रा में पर्ची निकलने वाले व्यक्ति को बाइक दी जाएगी और उससे आगे किस्त भी नहीं ली जाएगी। ड्रा के माध्यम से उसने 30 माह की कमेटी में 30 लोगों को बाइक दे दी। ड्रा में जिन लोगों को बाइक नहीं मिलेगी उन्हें समय पूरा होने पर 60 हजार की रकम वापस की जाएगी।
आरोप है कि शोरूम व्यापारी ने बाकी 220 लोगों पैसा नहीं लौटाया। लोगों ने बताया कि शोरूम मालिक पर दस-दस लाख रुपये की रकम बकाया है। सोमवार सुबह जब वह पैसे मांगने गए तो दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। दोनों पक्ष थाने पहुंचे। शोरूम व्यापारी ने घर में घुसकर गाली गलौज व अभद्रता करने का आरोप लगाया है। पीड़ितों ने शोरूम व्यापारी के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। इंस्पेक्टर दिनेश उपाध्याय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।