गाजियाबाद - नई दिल्ली रेल खंड पर मालगाड़ी के बैगन पलटने से प्रभावित हुआ रेल यातायात
मेरठ से नई दिल्ली जाने और वापस आने वाली ट्रेनें हुई लेट
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। दिल्ली मंडल के गाजियाबाद- नई दिल्ली रेल खंड पर मंगलवार सुबह मालगाड़ी के छह बैगन पटरी से उतर गए। इस कारण रेल यातायात प्रभावित हो गया। यात्रियों को कई- कई घंटे ट्रेन और स्टेशनों पर समय गुजारना पड़ा।
रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर ने बताया कि गाजियाबाद- नई दिल्ली रेल मार्ग पर माल गाड़ी पलटने के कारण मेरठ सिटी से चलकर श्री गंगानगर जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 14030 को मंगलवार को सीधे नई दिल्ली रेलवे स्टेशन की बजाय, साहिबाबाद, दिल्ली जंक्शन और दिल्ली किशनगंज के रास्ते चलाया गया। इस ट्रेन के यात्रियों को गाजियाबाद से ही मुरादनगर में काफी देर तक रोके रखा। जिसके कारण यात्रियों को सड़क मार्ग और नमो भारत ट्रेन से यात्रा करनी पड़ी।
वापसी में इस ट्रेन का नाम मेरठ छावनी पैसेंजर होता है। यह ट्रेन लगभग एक घंटा देरी से मेरठ सिटी स्टेशन पहुंची। जम्मू चलकर वाडमेर जाने वाली शालीमार मलानी एक्सप्रेस 14662 मेरठ सिटी स्टेशन पर अपने निर्धारित समय से सुबह 9:03 बजे की बजाय 40 मिनट देरी से 9:40 बजे पहुंची। दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस 14522 मेरठ सिटी स्टेशन पर तो समय से हुंच गई, लेकिन दिल्ली जंक्शन पर दो घंटे देरी से पहुंची। दिल्ली एक्सप्रेस मेरठ सिटी स्टेशन पर अपने निर्धारित समय से 15 मिनट की देरी से 1:05 बजे पहुंची। इससे आगे दिल्ली तक यह ट्रेन लगभग दो घंटे लेट हो गई। इसके अलावा योगा एक्सप्रेस, सहारनपुर पैसेंजर ट्रेन भी दिल्ली पहुंचते पहुंचते लेट हो गई। देहरादून जनशताब्दी एक्सप्रेस, आनंद विहार टर्मिनल से देहरादून के लिए चलने वाली देहरादून वंदे भारत ट्रेन भी देरी से पहुंची।