फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Paris Olympics: पारुल, अन्नू और प्रियंका का चलेगा जादू, पदक जीतने के इरादे से उतरेंगी मेरठ की तीन बेटियां

Fri, 05 Jul 2024 02:34 PM IST
Dimple Sirohi अमर उजाला ब्यूरो, मेरठ

सार

ओलंपिक खेलों का शुभारंभ 26 जुलाई से पेरिस में होने जा रहा है। ओलंपिक में मेरठ की तीन बेटियां पारुल, अन्नू और प्रियंका पदक जीतने के इरादे से उतरेंगी।
विज्ञापन
अन्नू रानी, पारुल चाैधरी, प्रियंका गोस्वामी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

26 जुलाई से पेरिस में शुरू होने वाले ओलंपिक खेलों में जिले की तीन बेटियां पारुल, अन्नू और प्रियंका पदक जीतने के इरादे से उतरेंगी। गुरुवार को एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से ओलंपिक के लिए क्वालिफाई करने वाले खिलाड़ियों की सूची जारी कर दी गई है। 

विज्ञापन


जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव अनु कुमार ने बताया कि मेरठ से 3000 मीटर स्टीपल चेज और 5000 मीटर दौड़ में इकलौता गांव निवासी पारुल चौधरी ने क्वालिफाई किया है। माधवपुरम निवासी प्रियंका 20 किमी पैदल चाल में और सरधना के बहादरपुर गांव की अन्नू रानी भाला फेंक इवेंट में प्रतिभाग करेंगी।

विश्व रैंकिंग के आधार पर अन्नू ने मारी बाजी 
अन्नू रानी अपनी विश्व रैंकिंग के आधार पर पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालिफाई कर पाई हैं। एथलेटिक्स इवेंट के लिए क्वालिफाई विंडो 30 जून को समाप्त हो गई थी। इस समय तक उनकी विश्व रैंकिंग 21वीं थी और 32वीं रैंक तक के खिलाड़ियों को पेरिस ओलंपिक में क्वालिफाई करना था। अन्नू ने 2023 एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीता था। 

पारुल दो इवेंट में करेंगी प्रतिभाग
पारुल चौधरी ने 3000 मीटर स्टीपल चेज में अपने प्रदर्शन के आधार पर पहले ही क्वालिफाई कर लिया था। अब 5000 मीटर दौड़ में उनका चयन विश्व रैंकिंग के आधार पर किया गया है। 30 जून तक वह 34वें स्थान पर हैं और इसकी कटऑफ 42 थी। इसके बाद अब पारुल पेरिस ओलंपिक में दो इवेंट में प्रतिभाग करेंगी। पारुल ने 2023 एशियन गेम्स 5000 मी. में स्वर्ण पदक, 3000 मीटर स्टीपल चेज में रजत पदक जीता।

20 किमी. में प्रियंका
प्रियंका गोस्वामी की बात करें तो वह 20 किमी पैदल चाल में पहले ही क्वालिफाई कर चुकी थी। इसके अलावा जानकारों की मानें तो वह मैराथन रेस वॉक मिक्स्ड रिले इवेंट में भी भाग लेंगी। इन खिलाड़ियों के चयन पर एथलेटिक्स एसोसिएशन ने भी खुशी जताई है। प्रियंका ने 2022 बर्मिंघम में हुए राष्ट्रमंडल खेलों में 10,000 मीटर पैदल चलना में रजत पदक, 2023 में बैंकॉक में हुई एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में रजत पदक जीता। टोक्यो ओलंपिक में प्रतिभाग किया।

यह भी पढ़ें: गुरबत की भेंट चढ़ीं दो जिंदगियां: कक्षा 11 में नहीं करा सका बेटी का दाखिला, पिता ने पुत्री संग दी जान
विज्ञापन

पांच खिलाड़ियों ने टोक्यो ओलंपिक में लिया था हिस्सा 
टोक्यो ओलंपिक में मेरठ के पांच खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। डिस्कस थ्रो में सीमा अंतिल, भाला फेंक में अन्नू रानी, 20 किलोमीटर पैदल चाल में प्रियंका गोस्वामी, शूटिंग में सौरभ चौधरी और हॉकी में वंदना कटारिया ने हिस्सा लिया था।

खिलाड़ियों की मांगे हैं अधूरी
जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव अनु कुमार ने बताया कि पिछले ओलंपिक के दौरान खिलाड़ियों की जो मांगें थीं, वह अभी तक अधूरी हैं। खिलाड़ियों की मांग थी कि स्थायी कोच की व्यवस्था, कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम के अलावा अन्य खेल मैदानों को विकसित करने और सिंथेट्रिक ट्रैक का कार्य गुणवत्ता पूर्ण तरीके से कराया जाए। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें