पांचली खुद सीएचसी पर है डेढ लाख की आबादी का जिम्मा, 30 बेड हैं पर उपचार करने वाले नहीं
बाल रोग, नेत्र रोग और हड्डी रोग विशेषज्ञों के पद खाली
संवाद न्यूज एजेंसी
जानीखुर्द। पांचली खुर्द गांव का 30 बेड का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खुद बीमार है। नगर पंचायत सिवाल खास सहित जानी ब्लॉक के 44 गांवों की करीब डेढ़ लाख की आबादी इस अस्पताल के भरोसे है लेकिन यहां उपचार करने के लिए विशेषज्ञ चिकित्सक ही नहीं है।
यहां पर बाल रोग, नेत्र रोग और हड्डी रोग विशेषज्ञों के पद तो हैं लेकिन सभी खाली हैं। विशेष डॉक्टर न होने से मरीजों को रेफर कर दिया जाता है। केवल सामान्य उपचार ही यहां मिलता है। हैरानी की बात तो ये है कि यहां पर एक्सरे मशीन तो है लेकिन रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती नहीं है। अस्पताल में मरीजों के इलाज के साथ-साथ महीने में करीब 80 प्रसव होते हैं लेकिन यहां केवल एक ही महिला चिकित्सक है। यदि वह अवकाश पर चली जाएं तो महिला मरीजों को दिक्कत होती है।
यह बोले ग्रामीण
गांव बाफर निवासी मुनेश कुमार का कहना है कि अस्पताल में केवल मामूली बीमारी की दवा दे दी जाती है। विशेषज्ञ न होने पर प्राइवेट डॉक्टर को दिखाना पड़ता है।
टूटी चारदीवारी: रात में पसरा रहता है जंगली जानवरों का खौफ
गांव पांचली निवासी भोपाल सिंह ने बताया कि अस्पताल की दो तरफ से चारदीवारी पूरी तरह टूटी है। रात को यहां अधेरा रहता है। जंगली जानवरों के घुसने का डर बना रहता है।
गांव टिमकिया निवासी चौधरी जबर सिंह कहते हैं कि सड़क हादसे में घायल और गंभीर बीमारी से पीड़ित लोगों को अस्पताल में उपचार नहीं मिल पाता। उन्हें रेफर कर दिया जाता है। मेरठ ले जाते हुए हालत और गंभीर हो जाती है।
वर्जन
केंद्र पर चिकित्सकों और अन्य सहायक कर्मचारियों की कमी है। इस संबंध में विभाग के उच्चाधिकारियों को समय-समय पर लिखित रूप में अवगत कराया जा चुका है और रिक्त पदों को भरने की मांग की गई है।
— डॉ. विशाल अग्रवाल, प्रभारी, सीएचसी, पांचली खुर्द
सीएचसी पांचली खुर्द में स्टाफ का हाल
पद स्वीकृत तैनाती
महिला रोग विशेषज्ञ 1 1
फिजिशियन 4 3
हड्डी रोग विशेषज्ञ 1 0
बालरोग विशेषज्ञ 1 0
नेत्र रोग विशेषज्ञ 1 0
रेडियोलॉजिस्ट 1 1
पैथोलॉजिस्ट 1 1
टैक्नीशियन 1 1
फार्मसिस्ट 2 2
वार्डबॉय 5 4
स्टाफ नर्स 2 1
सफाई कर्मी 2 2