सहेली से मिलने गई थी, परिजनों को सौंपा
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। छुर गांव से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई युवती को पुलिस ने लखनऊ से सकुशल तलाश लिया है। जांच में सामने आया कि युवती का अपहरण नहीं हुआ था, बल्कि वह अपनी इच्छा से अपनी सहेली से मिलने लखनऊ गई थी। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद युवती को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
सीओ आशुतोष कुमार के अनुसार, छुर निवासी ग्रामीण ने अपनी पुत्री के लापता होने पर चार लोगों के खिलाफ अपहरण की आशंका जताते हुए सरधना कोतवाली में तहरीर दी थी। पुलिस ने अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कर युवती की तलाश शुरू की। पुलिस ने सर्विलांस और अन्य तकनीकी माध्यमों की मदद से युवती की लोकेशन लखनऊ में ट्रेस की। रविवार को युवती को सकुशल तलाश कर सरधना थाना ले आई। पूछताछ में युवती ने बताया कि वह अपनी मर्जी से अपनी सहेली से मिलने लखनऊ गई थी। युवती के बयान दर्ज करने और अन्य कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।