मतदान की शुरुआत से ही मतदाताओं की भीड़ केंद्रों पर लगनी शुरू हो गई थी। अधिकतर बूथों पर महिलाओं की संख्या भी अधिक रही। पुरुषों से अधिक महिलाओं की लंबी कतारें कई स्थानों पर देखी गईं। दिन चढ़ने के साथ मतगणना का प्रतिशत भी बढ़ता चला गया।
बहुत कम बूथों पर कोरोना को देखते हुए गाइडलाइंस का पालन किया गया। कुछ स्थानों पर आशा कार्यकत्रियों ने बूथ के प्रवेश द्वार पर बैठकर मतदाताओं को सैनेटाइज किया। मतदान खत्म होने के बाद मतपेटी जमा करने के दौरान भी काफी भीड़ एक साथ जमा हो गई।
वहां भी सामाजिक दूरी का पालन नहीं कराया गया। इस दौरान सामान्य प्रेक्षक अधर किशोर मिश्रा ने खरखौदा, माछरा, परीक्षितगढ़, हस्तिनापुर, रजपुरा आदि ब्लॉकों में बनाए गए मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। प्रेक्षक ने मतदान केंद्रों पर विजिट डायरी में भी लिखा।
1.78 कम हुआ मतदान प्रतिशत
वर्ष-2015 के पंचायत चुनाव की तुलना में जिले का मतदान प्रतिशत 1.78 प्रतिशत कम रहा। वर्ष-2015 को 75.03 प्रतिशत चुनाव हुआ था। इस बार जिले में 73.25 प्रतिशत चुनाव हुआ। पिछली बार जिले में चार चरणों में चुनाव कराए गए थे। इस बार कोरोना के कारण जिले के 12 ब्लॉक में एकसाथ ही मतदान कराए गए।