विधानसभा चुनाव में मतदाताओं को जागरूक करने के लिए 2100 मीटर की पेंटिंग तैयार कराई जाएगी। इसमें मतदान का प्रतिशत बढ़ाने, नैतिक रूप से मतदान करने और प्रलोभन या प्रभाव में न आने का संदेश होगा। पेंटिंग में जनपद के 210 विद्यालय प्रतिभाग करेंगे। प्रत्येक स्कूल के छात्र 10-10 मीटर की पेंटिंग तैयार करेंगे। स्कूलों के प्रिंसिपलों के साथ बैठक कर अपर जिलाधिकारी प्रशासन, उपजिला निर्वाचन अधिकारी दिनेश चंद्र ने प्रोजेक्ट पर चर्चा की। साथ ही सभी से सहयोग की अपील की।
शुक्रवार को चौधरी चरण सिंह विवि के बृहस्पति भवन में जनपद के राजकीय एवं प्राइवेट डिग्री कालेजों, माध्यमिक शिक्षा परिषद के स्कूलों के प्रधानाचार्यों की बैठक हुई। अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने कहा कि गांव-गांव तक मतदाता जागरूकता का संदेश दिया जाएगा।
इसके लिए छात्रों की मदद ली जाएगी। प्रत्येक विधानसभा में एक विद्यालय को नोडल विद्यालय नामित किया जाएगा। उसके द्वारा अन्य 30 विद्यालयों से पेंटिंग का संग्रह कर 300 मीटर की पेंटिंग बनाई जाएगी। इस प्रकार सात विधानसभाओं से कुल 2100 मीटर की मतदाता जागरूकता पेंटिंग तैयार होगी।
यह कार्यक्रम आगामी राष्ट्रीय मतदाता दिवस 25 जनवरी या अन्य किसी दिवस पर आयोजित किया जाएगा। बैठक में संयुक्त निदेशक शिक्षा महेंद्र देव, उप जिलाधिकारी मवाना अरविंद कुमार सिंह, एसीएम संतोष बहादुर सिंह, सहित प्रधानाचार्य रंजना गौड़, प्रीती मल्होत्रा, देवेंद्र सिंह, रेणू अनेजा मौजूद रहे।
कविता भी लिखेंगे छात्र
जिला विद्यालय निरीक्षक श्रवण कुमार यादव ने बताया कि मतदाताओं को जागरूक करने के लिये निर्वाचन आयोग की स्वीप योजनांतर्गत तीन नोडल अधिकारी बनाए गए हैं। इनमें क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी व सहायक मनोरंजन कर आयुक्त है।
स्वीप कोआर्डिनेटर डीएन डिग्री कॉलेज के एनएसएस प्रभारी आरबी सिंह को बनाया गया हैं। जनपद के सभी 210 विद्यालयों द्वारा मतदाता जागरूकता के संबंध में एक-एक कविता भी लिखी जाएगी। इन कविताओं को संग्रह व संकलन कर पुस्तिका का रूप देते हुए उसका विमोचन भी मतदाता जागरूकता के कार्यक्रम में किया जाएगा।