लखनऊ भेजी रिपोर्ट
स्वाइन फ्लू के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ने पर शनिवार शाम लखनऊ से तीन सदस्यीय टीम मेरठ पहुंची। ज्वाइंट डायरेक्टर स्वास्थ्य डॉ. एचके अग्रवाल, ज्वाइंट डायरेक्टर स्वास्थ्य डॉ. पंकज सक्सेना और स्टेट एपिडेमियोलॉजिस्ट राजेश सिंह ने मेडिकल में भर्ती पीएसी जवानों और दूसरे अस्पतालों में भर्ती 24 मरीजों का हाल जाना।
यह टीम आज छठी वाहिनी पीएसी पहुंचेगी। वहीं, शासन ने इस पूरे मामले में तीन सदस्यीय टीम से अभी तक रिपोर्ट मांग ली। टीम ने देर रात शासन को रिपोर्ट भेज दी।
बरतें सावधानी
चिकित्सकों का कहना है कि बारिश में स्वाइन फ्लू और बढ़ने के आसार हैं। बारिश में भीगने या मौसम का ठंडा होने पर अगर खाने-पीने में सावधानी न बरती जाए तो गले के इंफेक्शन और नजला-जुकाम होने का ज्यादा खतरा रहता है। इससे उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता कम हो जाती है। ऐसे लोगों को स्वाइन फ्लू का वायरस जल्दी अपनी चपेट में ले लेता है।
शंघाई और इटली से आए युवकों की निगरानी
चीन के शंघाई और इटली से शनिवार को आए दो और युवकों की निगरानी स्वास्थ्य विभाग ने 14 दिनों के लिए निगरानी शुरू कर दी है। अगर इन्हें खांसी-जुकाम और बुखार बना रहता है तो इनका सैंपल लखनऊ या दिल्ली प्रयोगशाला भेजा जाएगा। अभी तक चीन से 101 लोग मेरठ आ चुके हैं। इनमें से इन दो युवकों समेत 15 की निगरानी चल रही है।