ऑक्सीजन सिलिंडर अब दो सौ रुपये सस्ता भरा जाएगा। यदि कोई रिफलिंग सेंटर इससे ज्यादा वसूलता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए। यह निर्देश मंगलवार को मेरठ मंडल के सभी जिलाधिकारियों, मुख्य विकास अधिकारियों और सीएमओ के साथ हुई वर्चुअल बैठक में मंडलायुक्त सुरेंद्र सिंह ने दिए।
उन्होंने बताया कि यदि कहीं पर ज्यादा वसूली की शिकायत आती है तो जिलाधिकारी स्वयं संज्ञान लेकर तत्काल कार्रवाई कराएंगे। उन्होंने निजी व सरकारी अस्पतालों की व्यवस्था को लेकर भी दिशा निर्देश दिए। कोविड अस्पतालों में मरीज के इलाज की दरों का स्पष्ट उल्लेख करते हुए अस्पताल में होर्डिंग और बोर्ड लगवाए जाएं। किसी भी दशा में निर्धारित दर से अधिक बिल वसूली न हो।
इसके साथ ही हाल ही में जो मरीज अस्पतालों से डिस्चार्ज हुए हैं, उनके बिल चेक किए जाएं। यदि कहीं अधिक भुगतान पाया जाता है तो संबंधित अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई करें। इसके साथ ही एंबुलेंस के रेट नोटीफाइड कराते हुए उनका अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। कोविड अस्पतालों में आगंतुकों के लिए समुचित साइनेज लगाए जाएं, ताकि उन्हें कोई परेशानी न हो।
ग्रामीण क्षेत्र में चलाया जाए विशष अभियान
मंडलायुक्त ने सभी मुख्य विकास अधिकारियों को निर्देश दिया कि कोरोना संक्रमण गांवों में भी तेजी से पैर पसार रहा है। इसलिए सबसे पहले सफाई अभियान पर विशेष ध्यान दिया जाए। इसके लिए बुधवार से ही गांवों में सफाई अभियान शुरू कराया जाए। इसमें संक्रमण से अधिक प्रभावित गांवों पर विशेष ध्यान दिया जाए।
मरीजों को करें चिन्ह्ति
मंडलायुक्त ने कहा कि गांव में अनेक मरीज ऐसे हैं जो लक्षणयुक्त हैं, लेकिन टेस्ट नहीं करा रहे हैं। ऐसे मरीजों को चिह्नित कर उन्हें तत्काल आइसोलेट कर उनका उपचार शुरू किया जाए। इसके साथ ही इन मरीजों की लगातार निगरानी करते हुए यदि उनके स्वास्थ्य में कोई गिरावट आती है तो तत्काल कोविड अस्पताल में भर्ती कराया जाए।