बाइक सवार बदमाशों ने दो मोबाइल लूटे
मेरठ। कर्फ्यू में पब्लिक पर पाबंदी है और बदमाशों को खुली आजादी है। मंगलवार को दिनदहाड़े बदमाशों ने तेजगढ़ी चौराहे के समीप लूट की दो वारदात को अंजाम दिया। जानकारी मिलते ही मेडिकल थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई।
मूलरूप से दिल्ली की रहने वाली राखी सिंह पुत्री रोहताश सिंह गढ़ रोड स्थित अजंता कॉलोनी के पास डिग्गी मोहल्ले में किराए पर रहती हैं। राखी के भाई कोरोना पॉजिटिव है और आनंद हॉस्पिटल में भर्ती हैं। मंगलवार को राखी भाई को देखने के बाद घर लौट रही थी। तेजगढ़ी चौराहे के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने उसे धक्का देकर मोबाइल छीन लिया।
शोर मचाने पर बदमाश मोबाइल लेकर फरार हो गए। दिनदहाड़े लूट की वारदात होने पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई और हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद बदमाशों ने चंद कदम की दूरी पर एक युवक से और मोबाइल छीन लिया और फरार हो गए। जानकारी मिलते ही मेडिकल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने महिला से जानकारी लेकर बदमाशों की तलाश शुरू की। पुलिस ने दुकानों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखने की बात कही है। लोगों ने लूट की दो वारदात होने पर कहा है कि कोरोना काल में कर्फ्यू में आम पब्लिक पर पाबंदी लगी है, लेकिन बदमाशों को वारदात करने की खुली छूट दी है। एसपी सिटी विनीत भटनागर का कहना है कि बदमाशों का जल्द पता लगाया जाएगा और दोनों वारदात में गए मोबाइल भी बरामद होंगे। मेडिकल पुलिस इन बदमाशों की तलाश में लगी हुई है।