सार
नवरात्र के पहले दिन कुट्टू का आटा खाने से नजीबाबाद, मंडावली, शामली और मुजफ्फरनगर में 60 से अधिक लोग बीमार हो गए, कई मरीजों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
नवरात्र के पहले ही दिन कुट्टू का आटा कई लोगों के लिए मुसीबत बन गया। नजीबाबाद और मंडावली क्षेत्र में 40 से अधिक लोग बीमार हो गए, जबकि शामली और मुजफ्फरनगर में भी कई लोगों की तबीयत बिगड़ गई। सभी को उल्टी, दस्त और घबराहट की शिकायत के बाद अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
उल्टी-दस्त की शिकायत, कई मरीज रेफर
बृहस्पतिवार शाम कुट्टू के आटे से बना भोजन करने के बाद लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। पीड़ितों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र समीपुर और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। हालत में सुधार नहीं होने पर कई मरीजों को जिला अस्पताल रेफर किया गया।
मंडावली थाना क्षेत्र के सिकरौडा गांव निवासी राजेंद्र सिंह के परिवार के कई सदस्य भी फूड प्वाइजनिंग की चपेट में आ गए। परिवार के लोगों को उल्टी, दस्त और घबराहट की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कई गांवों में फैला असर
शुक्रवार सुबह तक सिकरौडा, हरेवली, राजपुर नवादा, लाहक कला, मोहनपुर, खैरुल्लापुर, पूरनपुर और आदर्श नगर समेत कई गांवों के 40 से अधिक लोगों के बीमार होने की जानकारी सामने आई। इसके अलावा कई अन्य लोगों को भी निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
जांच में जुटा स्वास्थ्य विभाग
घटना की जानकारी मिलने पर चिकित्सा विभाग के अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर मरीजों का हाल जाना। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कुट्टू का आटा मोटा आम, चौक बाजार और चौराहा जगन्नाथ क्षेत्र से खरीदा गया था। स्वास्थ्य विभाग ने आटे के नमूने लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अन्य जिलों में भी मामले
शामली के गढ़ीपुख्ता क्षेत्र में कुट्टू की पकौड़ी खाने से 20 से अधिक लोग बीमार हो गए। सभी को निजी चिकित्सकों के पास ले जाया गया, जहां से कई मरीजों को रेफर किया गया। मुजफ्फरनगर में भी कुट्टू के आटे की पकौड़ी खाने से पांच लोग बीमार हो गए। इनमें एक ही परिवार के चार सदस्य शामिल हैं। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सावधानी बरतने की अपील
चिकित्सकों ने लोगों से अपील की है कि व्रत के दौरान खाने-पीने की चीजों में सावधानी बरतें। संदिग्ध या खराब कुट्टू के आटे का सेवन न करें।