मेरठ में सरधना क्षेत्र के बपारसी गांव में चुनावी रंजिश के चलते हुए खूनी संघर्ष में घायल हुए नौ लोगों में से एक व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। घटना के 20 घंटे बाद पुलिस ने एक ही पक्ष की दो अलग-अलग तहरीर पर 16 लोगों के खिलाफ घर में घुसकर जानलेवा हमला करने व हत्या जैसी संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पूछताछ के लिए कई लोगों को हिरासत में लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। गांव में पुलिस पिकेट तैनात की गई है।
सीओ आरपी शाही ने बताया कि बपारसी गांव में चुनावी रंजिश में ज्ञान सिंह और निरंजन पक्ष के बीच रविवार शाम खूनी संघर्ष हुआ। जिसमें एक पक्ष से चार महिलाओं समेत करीब नौ लोग घायल हुए थे। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान सुरेंद्र (58) पुत्र हंसराज की सोमवार सुबह मौत हो गई।
संघर्ष का कारण चुनावी रंजिश के दौरान किसी युवती पर फब्तियां कसने को लेकर दोनों पक्षों में तनाव बना हुआ था। जिसे लेकर पांच दिनों के भीतर दोनों पक्षों के बीच दो बार संघर्ष हुआ। जिसमें ज्ञान सिंह की तहरीर पर निरंजन पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ बीते शुक्रवार को मुकदमा दर्ज किया गया था।
सोमवार को एक ही पक्ष की ओर से दो अलग-अलग तहरीर दी गई। दीपक पुत्र सुरेश की तहरीर पर 11 लोगों विनोद, सुबोध, रवि पुत्र कालू, नरेंद्र उर्फ लाल्ला पुत्र जगरूप, अशोक, मोंटू उर्फ हरपाल पुत्र बुद्ध सिंह, आकाश पुत्र सतीश, शेर सिंह पुत्र हरपाल, आकाश पुत्र अशोक, दीपक पुत्र भवी सिंह, दुष्यंत पुत्र शक्ति के खिलाफ जानलेवा हमले व हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। वहीं, ज्ञान सिंह पुत्र शौराज सिंह की तहरीर पर सतीश पुत्र कालू, सुंदर पुत्र अशोक, अंकित पुत्र निरंजन, अभिषेक पुत्र ओमप्रकाश, प्रदीप पुत्र कालू समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
सीओ आरपी शाही ने बताया कि खूनी संघर्ष के बाद पुलिस आरोपियों की धरपकड़ में जुटी है। गांव में फिलहाल तनाव जैसी कोई बात नहीं है। गांव में पुलिस पिकेट को तैनात किया गया है।