सूबेदार के परिवार से लूटपाट में एक गिरफ्तार
मेरठ। सूबेदार के परिवार से चलते टेंपो में लूटपाट करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। दो आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। दिल्ली बदरपुर बार्डर निवासी प्रदीप सेना में सूबेदार हैं। उनकी पत्नी ममता पांच अक्तूबर को अपने दो बच्चों के साथ मेरठ आई थीं।
ममता को गढ़ रोड स्थित रिश्तेदारी में जाना था। वह बेगमपुल से हापुड़ अड्डे तक टेंपो में बैठी, लेकिन बीच रास्ते में बदमाशों ने उनसे नौ हजार रुपये लूट लिए। तीन पुरुष व एक महिला ने उनके साथ वारदात की थी। छह अक्तूबर को प्रदीप ने सिविल लाइन में मुकदमा पंजीकृत कराया। पुलिस ने टेंपो के नंबर से ही तफ्तीश शुरू की। इंजन नंबर से टेंपो का वास्तविक नंबर यूपी 37 एटी 3922 निकलकर सामने आया।
इंस्पेक्टर रमेश चंद शर्मा ने बताया कि ग्राम उलधन थाना खरखौदा निवासी अब्दुल वाहिद ने आखिरी बार यह टेंपो खरीदा था। उसी ने अपने दोस्त नावेद निवासी हापुड़ चुंगी रसूलपुर थाना लिसाड़ीगेट व अजय निवासी ग्राम सरावा थाना हापुड़ देहात के साथ मिलकर वारदात की थी। शनिवार को पुलिस ने अजय को हापुड़ अड्डा से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से टेंपो का फर्जी सेल लेटर भी मिला है। चर्चा है कि टेंपो की चौथी मालिक एक महिला ही है, जिसका पुलिस ने वारदात में जिक्र नहीं किया है।