केशव प्रसाद मौर्य ने सपा-बसपा पर साधा निशाना
- फोटो : अमर उजाला
मेरठ में परीक्षितगढ़ मार्ग पर शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का पिछड़ा वर्ग सम्मेलन आयोजित हुआ। इसमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि नोटबंदी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भ्रष्टाचार को समाप्त करने का काम किया, लेकिन राहुल गांधी, मुलायम सिंह यादव और मायावती इसका विरोध कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने सपा और बसपा पर तंज कसते हुए कहा कि इन दोनों ही पार्टियों ने पिछले 10 सालों में उत्तर प्रदेश का बेड़ा गर्क किया है। इस सम्मेलन में सांसद राजेंद्र अग्रवाल, विधायक जयप्रकाश अग्रवाल, क्षेत्रीय अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, जिलाध्यक्ष शिव कुमार राणा, पिछड़ा वर्ग सम्मेलन संयोजक पूर्व एमएलसी लोकेश प्रजापति आदि शामिल रहे। खास बात यह है कि बसपा छोड़कर आए धर्मेंद्र भारद्वाज और रविंद्र गुर्जर ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
समर्थकों ने नारेबाजी कर शक्ति प्रदर्शन भी किया
समर्थकों ने नारेबाजी कर शक्ति प्रदर्शन किया
- फोटो : अमर उजाला
भाजपा के पिछड़ा वर्ग सम्मेलन में भीड़ के चलते मेरठ परीक्षितगढ़ के मुख्य मार्ग पर 4 घंटे तक जाम लगा रहा। जाम के चलते भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को भी निकलने में भारी परेशानी हुई। इस सम्मेलन में पिछोर क्षेत्र से दावेदार भारी संख्या में भीड़ लेकर पहुंचे। इस दौरान समर्थकों ने नारेबाजी कर शक्ति प्रदर्शन भी किया।
पुलिस लाइन में नहीं उड़ा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का हेलीकॉप्टर
हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं कर सका
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस लाइन के ग्राउंड पर शुक्रवार शाम 4:00 बजे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य का हेलीकॉप्टर विजिबिलिटी कम होने के कारण उड़ान नहीं भर सका। आधा घंटे तक हेलीकॉप्टर के उड़ने का इंतजार किया गया। लेकिन उसके बाद भी हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं कर सका। केशव प्रसाद मौर्य शुक्रवार को चौधरी चरण सिंह की जयंती पर उनके पैतृक गांव नूरपुर जिला हापुड़ में एक कार्यक्रम से होकर कार से मेरठ में रुकनपुर गांव में पहुंचे थे। इसके बाद कार से प्रदेश अध्यक्ष पुलिस लाइन पहुंचे जहां उन्हें हेलीकॉप्टर से लखनऊ जाना था। प्रदेश अध्यक्ष को लेने के लिए हेलीकॉप्टर पुलिस लाइन में उतर गया। हेलीकॉप्टर उतरने के 10 मिनट बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष कार से पहुंचे, लेकिन इस बीच हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं कर सका। इसके बाद भाजपा नेताओं में खलबली मच गई। नोबत यह आ गई कि प्रदेश अध्यक्ष का लखनऊ जाने का कार्यक्रम टल गया और वह कार से दिल्ली के लिए रवाना हो गए।
बता दें कि फिलहाल हेलीकॉप्टर पुलिस पुलिस लाइन के मैदान पर खड़ा है। एएसपी सिविल लाइन डॉ. अरविंद कुमार और पुलिस लाइन के आर आई सत्यप्रकाश शर्मा ने हेलीकॉप्टर की सुरक्षा के लिए चारों तरफ पुलिस तैनात कर दी है। पुलिस अफसरों का कहना है कि शनिवार को हेलीकॉप्टर जा सकेगा।