मेरठ। आवास एवं विकास परिषद की ओर से जागृति विहार विस्तार योजना संख्या-11 के तहत प्रधानमंत्री आवास का नंबरिंग ड्रा शुक्रवार को जागृति विहार स्थित कम्युनिटी सेंटर में हुआ। इस दौरान अपनी पसंद का भवन मिलने पर आवंटियों के चेहरे खिल उठे। संपत्ति अधिकारी सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि बीते साल नौ मार्च से 23 अप्रैल तक पंजीकरण खोले गए थे।
विभिन्न सेक्टर के अवशेष 132 भवनों के लिए डूडा की ओर से सत्यापन किया गया था। शुक्रवार को पात्र आवेदकों के मध्य हुए पात्रता चयन के बाद लॉटरी ड्रा द्वारा नंबरिंग ड्रा कराया गया। आवंटन समिति की ओर से सफल आवेदकों को शुभकामनाएं दी गईं।
इस दौरान उप आवास आयुक्त अनिल कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता सस्मित कटियार, सहायक अभियंता इंद्रजीत, कनिष्ठ सहायक दीपांशु बंसल सहित अन्य मौजूद रहे। संपत्ति अधिकारी ने बताया कि शासन के निर्देश पर शनिवार को संपत्ति मेले का आयोजन किया जा रहा है। इसमें जागृति विहार एक्सटेंशन के लिए 15 प्रतिशत की छूट के बारे में जानकारी दी जाएगी। लोगों को आवंटन पत्र भी सौंपे जाएंगे।