मेरठ। हाईकोर्ट की बेंच पश्चिमी उत्तर प्रदेश में स्थापित करने की लंबित मांग को लेकर मेरठ बार एसोसिएशन ने 17 दिसंबर को मेरठ बंद का आह्वान किया है। इस बंद को सफल बनाने के लिए शुक्रवार को मंदिर महादेव सराफा बाजार में संपर्क अभियान चलाया गया। मेरठ बार एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन और अन्य सराफ संगठनों के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। सराफा कारोबारियों ने कहा कि इस आंदोलन को पूरा समर्थन दिया जाएगा।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय शर्मा, महामंत्री राजेंद्र सिंह राणा, वरिष्ठ अधिवक्ता गजेंद्र सिंह धामा सहित अन्य अधिवक्ताओं ने सराफा कारोबारियों से इस दिन पूरी तरह प्रतिष्ठान बंद रखने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट बेंच जनता की मांग है और जब तक पूरा व्यापारी वर्ग एकजुट नहीं होगा, तब तक सरकार नहीं मानेगी।
मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन के महामंत्री विजय आनंद अग्रवाल ने सभी व्यापारियों की सहमति से बंद को पूर्ण समर्थन देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि संयुक्त व्यापार संघ की 500 से अधिक एसोसिएशन अध्यक्ष नवीन गुप्ता के नेतृत्व में कार्य कर रही हैं।
अध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल ने कहा कि यह आंदोलन केवल अधिवक्ताओं का नहीं, बल्कि उनका भी है। बैठक में शहर सराफा बाजार व्यापार एसोसिएशन, जौहरी बाजार व्यापार संघ, कागजी बाजार सराफा मंडल, नील गली सराफा एसोसिएशन सहित सभी प्रमुख संगठनों ने भी बंद को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की।