सदियों बाद भी महाभारत और उससे जुड़ी किस्से कहानी लोगों के लिए जिज्ञासा का केंद्र बने हैं। लाक्षागृह बागपत के बरनावा में था या फिर देहरादून के लाखा मंडल में इस पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। बरनावा में हिंडन किनारे उत्खनन में नतीजों से इस सवाल का जवाब भी मिल सकता है। बरनावा में किस काल की सभ्यता मिलती है, अब इतिहासकारों की नजर इस पर टिकी हुई है।
बागपत के बरनावा का पूरा क्षेत्र ही नहीं बल्कि मुजफ्फरनगर, शामली और मेरठ में भी महाभारत काल के अवशेष हैं। इस बात की पुष्टि इस वजह से भी होती है, क्योंकि यह पूरा क्षेत्र कुुरुक्षेत्र और हस्तिनापुर के बीच में पड़ता है। उत्खनन का कार्य शुरू हो जाने से यहां लाक्षागृह की हकीकत भी सामने आएगी। बरनावा का यह पर्यटक स्थल हिंडन और कृष्णा नदी से घिरा हुआ है। इसके पास ही शेखपुरा में दोनों नदियां एक हो जाती हैं। टीले पर गुंबद हैं और यहीं से एक गुफा निकलती है। सालों से यही मान्यता है कि पांडव यहां के लाक्षागृह में रुके थे और महात्मा विदुर ने उन्हें सुरंग के रास्ते बचाया था। बरनावा गांव की जमीन में दफन गुत्थियों को भी अब बाहर निकाला जाएगा। बरनावा टीला पहले ही संरक्षित गुफाओं की लिस्ट में शामिल हैं। बरनावा टीले पर करीब 22 बार शोध संस्थान के विद्यार्थियों और इतिहासकारों की टीम सर्वेक्षण पूर्व में कर चुकी है। यहां से चित्रित धूसर मृद भांड संस्कृति, कुषाण, गुप्त और राजपूत सभ्यताओं के प्रमाण पहले से प्राप्त होते रहे हैं। उधर, देहरादून की विकासनगर तहसील के लाखा मंडल क्षेत्र के लोग वहां भी लाक्षागृह का दावा करते हैं। देहरादून में ग्रामीण कई प्रमाण देते हैं। इतिहासकारों को उम्मीद है कि उत्खनन से इतिहास की परतें जरूर हटेंगी।
सिनौली, चंदायन और अब बरनावा
वर्ष 2005 के सितंबर माह में सिनौली में खुदाई का कार्य कराया गया था। यहां हड़प्पा कालीन शवदान गृह मिला। इससे इस क्षेत्र में हड़प्पा कालीन सभ्यता की पुष्टि हो गई थी। इसके बाद वर्ष 2015 में चंदायन गांव में उत्खनन का कार्य केंद्र सरकार करा चुकी है। चित्रित धूसर मृदभांड संस्कृति, कुषाण काल, गुप्त और राजपूत सभ्यता के प्रमाण भी मिल चुके हैं। निदेशक पुरावशेष डॉ. डीएन डिमरी ने बताया कि उत्खनन का उद्देश्य यह जानना है कि इस क्षेत्र में किन-किन सभ्यताओं के अवशेष हो सकते हैं। यह भी स्पष्ट हो सकेगा कि बरनावा का महाभारत काल से कितना और कैसा संबंध रहा है। पुरातत्व संस्थान के निदेशक डॉ. एसके मंजुल के निर्देशन में क्षेत्र में खुदाई का कार्य किया जाएगा।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/