विदेश में बैठे सरगना कर रहे फेसुबक आईडी हैक
विदेश में बैठे सरगना महिलाओं की फेसबुक आईडी हैक कर रहे हैं। सोमवार को फिर एक शिक्षिका ने हैकिंग की शिकायत दर्ज कराई है। बाईपास स्थित एक शिक्षण संस्थान में कार्यरत शिक्षिका ने सोमवार को एसएसपी ऑफिस और साइबर सेल पर शिकायत दर्ज कराई। शिक्षिका के अनुसार उनकी फेसबुक आईडी रविवार रात हैक कर ई-मेल आईडी का पासवर्ड बदल दिया गया। जिसके बाद उनके एफबी वॉल पर फोटो अपलोड कर दिए गए। साइबर सेल के अनुसार जांच में आईडी हैक करने वाले आरोपी का इंटरनेट प्रोटोकोल (आईपी) एड्रेस जापान का आया है। जांच की जा रही है।
सुराग लगाना मुश्किल
साइबर सेल के प्रभारी कर्मवीर सिंह और एक्सपर्ट उमेश कुमार का कहना है कि ऐसे मामलों में कार्रवाई करने में काफी वक्त लगता है। दरअसल ऐसे मामलों की जांच में आईपी एड्रेस का कोड दूसरे देश का आता है। साइबर सेल द्वारा शिकायत के आधार पर फेसबुक मुख्यालय को ई-मेल के द्वारा संबंधित अपराध का ब्योरा भेजा जाता है। उसके बाद वहां से एक टोकन नंबर आता है। ई-मेल का जवाब आने में ही करीब एक माह तक लग जाता है। हालांकि साइबर सेल की टीम प्रारंभिक स्तर पर ही पीड़ित का एफबी अकाउंट बंद कर उसका पासवर्ड भी बदल देती है। ऐसे मामलों में आरोपियों का सुराग लगाना मुश्किल होता है।