आबूलेन पर अराजकता करने वालों पर मामूली कार्रवाई
मेरठ। आबूलेन पर शराब के नशे में उत्पात मचाने वाले आरोपियों पर पुलिस ने मामूली कार्रवाई कर शांति भंग के आरोप में चालान कर दिया। बताया जा रहा है सत्ताधारी नेताओं की सिफारिश के कारण पुलिस दबाव में आई और ऐसी कार्रवाई की।
आबूलेन पर शनिवार रात मकबरा डिग्गी वाल्मीकि मोहल्ला निवासी सोनू, रोहित और मुकुल लग्जरी कार से पहुंचे थे। यहां करनैल होटल के सामने कार की छत पर खड़े होकर हुड़दंग करना शुरू कर दिया था। एक युवक कार की छत खोलकर उसमें से बाहर निकला और डांस करने लगा था। तेज आवाज में गाने बजाए जा रहे थे। फैंटमकर्मी पहुंचे और युवकों को रोकने का प्रयास किया। नशे में युवकों ने पुलिसकर्मियों से अभद्रता की। पुलिसकर्मियों को धमकाना शुरू कर दिया।
उन्हें पकड़कर चौकी ले गए तो उन्होंने वहां तोड़फोड़ कर दी। पहले तो पुलिस सरकारी कार्य में बाधा डालने और हंगामा-तोड़फोड़ के तहत कार्रवाई करने की बात कह रही थी, लेकिन रविवार सुबह से ही सत्ताधारी पार्टी के नेताओं के फोन घनघनाने लगे तो पुलिस बैकफुट पर आ गई। थाना प्रभारी देव सिंह रावत ने बताया कि युवकों का चालान कर दिया गया है। मेडिकल जांच में नशे की पुष्टि हो गई थी। गाड़ी को सीज किया गया है।