25 और कबाड़ियों पर लगेगा गैंगस्टर
मेरठ। चोरी और लूट के वाहनों का कटान कर स्पेयर पार्ट्स बेचने पर अंकुश लगने के बाद अब 25 और कबाड़ियों पर गैंगस्टर की कार्रवाई की जाएगी। इसके पहले 16 कबाड़ियों पर गैंगस्टर लगाया जा चुका है।
इससे पहले हाजी नईम उर्फ गल्ला, जावेद, आबिद, सुहैब उर्फ शिब्बू, आबिद उर्फ लड्डू, इमरान, इकबाल, अफजाल, अबरार, यासर उर्फ असराफत, शाकिब उर्फ गद्दू, आदिल, सलमान उर्फ शेर, जुनैद, मोहम्मद यूनुस पर सदर बाजार पुलिस गुंडा एक्ट लगा चुकी है।
आज जांच कर सकती है जीएसटी टीम
सोतीगंज के कबाड़ियों के गोदामों पर ताले लटके हुए हैं। अधिकतर कबाड़ियों ने कागजात दाखिल कर दिए हैं, जो जीएसटी विभाग को भेज दिए हैं। सोमवार को जीएसटी टीम सोतीगंज में जांच करने आ सकती है।
हाजी गल्ला और इकबाल की संपत्ति की जांच जारी
हाजी गल्ला और इकबाल कबाड़ी की संपत्ति की जांच जारी है। गल्ला की वेस्ट एंड रोड पर करोड़ों की संपत्ति है, उस पर भी कोर्ट से आदेश लेकर कार्रवाई की जाएगी। हाजी इकबाल की लिसाड़ी गेट की संपत्ति का मूल्यांकन किया जा रहा है।
बोर्ड लगाया, माल कब बेचेंगे?
कबाड़ियों ने रविवार को सदर बाजार पुलिस से संपर्क किया, तो इंस्पेक्टर सदर बाजार देव सिंह रावत ने कहा कि व्यापार बदलने के बोर्ड तो लगा दिए, लेकिन सामान कब बेचोगे। इस पर कबाड़ियों ने कहा कि दिल्ली से माल लाने के लिए संपर्क किया गया है। जल्द ही वहां से माल लाकर बेचना शुरू कर देेंगे।
प्रधानमंत्री ने सराहा तो पुलिस में आया जोश
शाहजहांपुर की रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोतीगंज में कबाड़ियों की दुकान बंद करने का जिक्र किया तो पुलिस और अधिकारियों में भी जोश आ गया। एएसपी कैंट सूरज राय का कहना है कि अवैध रूप से चोरी और लूट के पुर्जे नहीं बेचने दिए जाएंगे।