- दलदल के कारण गोताखोरों को नहीं मिली सफलता
- पिता बोले- इतने पैसे भी नहीं कि बेटे का अंतिम संस्कार कर सकूं
संवाद न्यूज एजेंसी
मोदीपुरम। जिस बेटे को मां ने अपनी आंखों के सामने तालाब में समाते देखा, उसकी एक झलक पाने की आस में वह दूसरे दिन भी तालाब किनारे बैठी रही। हर बार पानी में हलचल होती तो मां की निगाहें उम्मीद से उधर उठ जातीं, लेकिन बेटे का कोई पता नहीं चला। दुल्हैड़ा चौहान गांव में तालाब में लापता हुए अंकित(24) की तलाश रविवार देर शाम तक जारी रही। दो दिन बीतने के बाद भी उसका सुराग नहीं लगा। अब तालाब का पानी निकला जा रहा है।
शनिवार को गांव दुल्हैड़ा चौहान निवासी अशोक का बेटा अंकित अचानक तालाब में कूद गया था। उसे बचाने के लिए मां ममता भी पीछे दौड़ीं, लेकिन आंखों के सामने बेटा पानी में ओझल हो गया। मां की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और रस्से व ट्यूब की मदद से उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद पीएसी के गोताखोरों ने मोर्चा संभाला। रातभर चले अभियान के बाद भी अंकित नहीं मिला। तालाब में दलदल अधिक होने के कारण गोताखोरों को तलाशी में परेशानी हो रही है।
रविवार को भी तालाब के आसपास ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही। मां ममता की आंखें लगातार तालाब की ओर लगी रहीं। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर होने के कारण पिता अशोक भी बदहवास हैं। उनका कहना था कि परिवार के पास इतने पैसे भी नहीं हैं कि बेटे की मौत होने पर उसका अंतिम संस्कार कर सकें। उधर, पूर्व विधायक संगीत सोम भी गांव पहुंचे और पीड़ित परिवार को सांत्वना दी। उन्होंने अधिकारियों से बातचीत कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। नगर पालिका के माध्यम से तालाब से पानी निकलवाने की व्यवस्था करने को कहा। तालाब का पानी निकाला जा रहा है ताकि अंकित का शव बरामद किया जा सके। परिवार और ग्रामीण अब भी अंकित के मिलने की आस लगाए बैठे हैं।-