- हत्या, बलवा व जानलेवा हमले के मामलों में चल रहे वांछित
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। रेंज में वांछित अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। डीआईजी मेरठ रेंज ने बुलंदशहर में हत्या, बलवा और जानलेवा हमले के मामलों में वांछित चल रहे तीन कुख्यात अपराधियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। इनमें दो आरोपी बुलंदशहर और एक हरियाणा के गुरुग्राम का रहने वाला है। डीआईजी ने स्थानीय पुलिस को आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। वहीं आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है।
डीआईजी कलानिधि नैधानी ने बताया कि बुलंदशहर नगर कोतवाली में दर्ज हत्या के मुकदमे में वांछित रामकुमार पुत्र छज्जन सिंह निवासी गिरधारी नगर, बुलंदशहर पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। वहीं ककोड़ थाने में दर्ज हत्या, बलवा और जानलेवा हमले के मुकदमे में वांछित दिल्ली के द्वारका निवासी रोहित उर्फ कारतूस और हरियाणा के फरुख नगर निवासी गौरव राठी पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
डीआईजी के अनुसार, रामकुमार के खिलाफ बुलंदशहर में आपराधिक प्राथमिकी दर्ज हैं। वहीं रोहित उर्फ कारतूस और गौरव राठी के खिलाफ बुलंदशहर के अलावा हरियाणा के गुरुग्राम, पटौदी और सोहना के विभिन्न थानों में भी प्राथमिकी दर्ज हैं। तीनों की गिरफ्तारी के लिए संबंधित जिलों की पुलिस को सक्रिय किया गया है। डीआईजी ने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार टीम काम कर रही है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा
-15 दिन में 19 अपराधियों पर घोषित हुआ इनाम
डीआईजी की ओर से पिछले 15 दिनों में परिक्षेत्र के चारों जिलों मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, बागपत में 19 वांछित और फरार अपराधियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। इनमें से आठ इनामी अपराधियों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। डीआईजी ने शेष इनामी अपराधियों की धरपकड़ तेज करने, नए इनाम घोषित कराने और अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश अधीनस्थ अधिकारियों को दिए हैं।
-