आयुक्त सुरेंद्र सिंह और आईजी प्रवीण कुमार की अध्यक्षता में अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था को लेकर भी मंडलीय समीक्षा बैठक की गई। अधिकारियों को भू-माफिया, शराब माफिया एवं आपराधिक कृत्यों में लिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
लूट-छेड़खानी की घटनाओं को रोकने के लिए सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि संबंधित अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि ऐसे क्षेत्र जहां पर लूट, महिला उत्पीड़न जैसे आपराधिक कृत्यों को अंजाम दिया जाता है, ऐसे क्षेत्रों की मैपिंग एवं चिन्हांकन करते हुए समस्त स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाएं। गैंगस्टर और रासुका, लूट, हत्या, पॉक्सो, एससी-एसटी, गोवध आदि से संबंधित मामलों में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने कहा कि अवैध ऑटो स्टैंड पार्किंग के खिलाफ लगातार अभियान चलाएं। नगर पालिका, नगर पंचायत के अधिकारियों के साथ ये सुनिश्चित करें कि दोबारा कब्जा न हो। बैठक में डीएम दीपक मीणा, एसएसपी प्रभाकर चौधरी समेत मंडल के सभी जिलों डीएम-एसएसपी मौजूद रहे।
योजनाओं में तेजी के निर्देश दिए
समीक्षा बैठक में मंडलायुक्त ने आयुष्मान योजना, गोल्डन कार्ड, डायलेसिस, कन्या सुमंगला योजना जैसी योजनाओं में तेजी लाने के लिए कहा। हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर की धीमी प्रगति पर आयुक्त सुरेंद्र सिंह ने नाराजगी जाहिर की। प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए। इस मौके पर जनपद बुलंदशहर में परिषदीय स्कूलों में जिलाधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी के प्रयासों से किए गए नवाचार के रूप में परिषदीय स्कूलों में बनवाई गईं खगोलीय प्रयोगशाला के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।