एक घंटे की ऑक्सीजन है, शिफ्ट करो या इंतजाम कर लो
वेलेंटिस अस्पताल में भर्ती मरीज संचित मित्तल के तीमारदार आकाश जैन ने बताया कि अस्पताल में ऑक्सीजन कम बताई गई है। कहा गया है कि या तो अपने मरीज को शिफ्ट कर लें या ऑक्सीजन का इंतजाम कर लें। वह दो दिन से यहां भर्ती हैं। उन्होंने डीएम से लेकर सीएम तक से ऑक्सीजन के लिए गुहार लगाई लेकिन कहीं से कोई जवाब नहीं आया।
मेडिकल इमरजेंसी में ऑक्सीजन का फ्लो कम होने से अफरातफरी
मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में सोमवार शाम ऑक्सीजन का फ्लो कम होने से अफरातफरी मच गई। इमरजेंसी में 81 मरीज भर्ती हैं। मरीजों की सांसें फूलने पर तीमारदार ऑक्सीजन सिलिंडर के लिए इधर-उधर फोन घुमाने लगे। हालांकि बाद में ऑक्सीजन सप्लाई ठीक हो गई। इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. हर्षवर्धन ने बताया कि तकनीकी कारणों से ऑक्सीजन का फ्लो कम हो गया था।
उधर, इसी दौरान के हालात का मेडिकल कॉलेज में अव्यवस्था का एक वीडियो वायरल हुआ है। यह 51 सेकेंड का है, जिसमें एक युवक वीडियो बना रहा है। पीछे एक महिला दर्द से कराह रही है। उसके परिजन कह रहे हैं कि ऑक्सीजन नहीं है।
मरीज की मौत पर आनंद अस्पताल में हंगामा
आनंद अस्पताल में ऑक्सीजन की किल्लत है। अस्पताल में उपचार के दौरान सुभाष गुप्ता नामक मरीज की मौत हो गई। तीमारदारों ने अस्पताल में हंगामा कर दिया। इस दौरान धक्कमुक्की हो गई और भीड़ जनरल वार्ड में घुस गई। अस्पताल प्रभारी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। अस्पताल में दोपहर से ऑक्सीजन मांग की जा रही थी लेकिन पर्याप्त व्यवस्था नहीं हो पाई। आनंद अस्पताल के मैनेजर मुनीष पंडित ने बताया कि कुछ लोगों ने हंगामा किया था।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/