बड़ौत। दिल्ली से सहारनपुर जाने वाली जनता एक्सप्रेस में चार व हरिद्वार एक्सप्रेस में पांच कोच बढ़ाए गए हैं। इनके बढ़ने से यात्रियों को सफर करने में सीट के लिए जूझना नहीं पड़ेगा। सांसद डॉ़ राजकुमार सांगवान की पहल पर रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने अतिरिक्त कोच बढ़ाने की मंजूरी दी।
सांसद की मांगों को स्वीकार करते हुए रेलमंत्री ने दिल्ली से वाया शामली होते हुए सहारनपुर तक चलने वाली जनता एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 14545/14546 में चार कोच बढ़ाने की मंजूरी दी, अभी तक इस ट्रेन 12 कोच थे, जो बढ़ाकर 16 किए गए हैं। यह ट्रेन दिल्ली से चलकर बड़ौत रेलवे स्टेशन पर शाम 6:45 बजे पहुंचती है। इसके अलावा दिल्ली से हरिद्वार जाने वाली ट्रेन संख्या 14305/14306 में पांच कोच अतिरिक्त बढ़ाए गए हैं। अब तक इस ट्रेन में 13 कोच ही थे, जो अब 18 किए गए हैं। यह ट्रेन दिल्ली से चलकर दोपहर करीब 12 बजे बड़ौत पहुंचती है। ट्रेनों में कोच की संख्या बढ़ने से इन मार्गों पर यात्रा करने वाले बागपत, खेकड़ा, बड़ौत, बावली, एलम, कांधला, शामली समेत अन्य जगह के लोगों को लाभ मिलेगा।