- ब्रह्मपुरी पुलिस बोली, जांच के बाद होगी कार्रवाई संवाद न्यूज एजेंसी मेरठ। ऊर्जा राज्यमंत्री के भतीजे का ईश्वरपुरी फूल मंडी में मारपीट करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में भतीजा एक युवक के साथ मारपीट करता दिखाई दे रहा है, जिसमें एक महिला बचाव में आई तो उसको भी धक्का दिया। इसके बाद महिला ने डंडा उठाकर भतीजे के साथ भी मारपीट की। पुलिस अधिकारियों ने ब्रह्मपुरी पुलिस को जांच कर कार्रवाई के लिए निर्देश दिए।
वीडियो में एक स्कार्पियो कार जाती हुई दिखाई दे रही है। बताया जा रहा है कि स्कार्पियो ऊर्जा राज्य मंत्री डा. सोमेंद्र तोमर का भतीजा निखिल तोमर चला रहा है। उसके साथ एक पीएसओ भी है। निखिल का यहां पर खड़े एक युवक से विवाद हो गया। इसके बाद युवक की पिटाई करनी शुरु कर दी। युवक ने भी निखिल के साथ हाथापाई की। महिला ने बचाव की कोशिश की तो उसको भी धक्का देकर नीचे गिरा दिया। आसपास के लोग भी आ गए। पीएसओ के साथ भी हाथापाई की गई है। मारपीट में निखिल तोमर के कपड़े भी फट गए। इसके बाद महिला ने डंडा उठा लिया और विरोध जताते हुए मारा। चार मिनट 57 सैकेंड की वीडियो फेसबुक पर कुछ भाजपा नेताओं ने भी अपलोड की है। लोगों की भीड़ भी वीडियो में स्पष्ट दिखाई दे रही है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि वीडियो की जांच की जा रही है। ब्रह्मपुरी पुलिस को निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया है।
ऊर्जा राज्य मंत्री डॉ सोमेंद्र तोमर के भतीजे निखिल तोमर का मारपीट का वीडियो वायरल