डेढ़ महीने बाद रविवार रात नवीन सब्जी मंडी और सोमवार सुबह लोहिया नगर सब्जी मंडी गुलजार हो गईं। दोनों मंडियों में भरपूर सब्जी पहुंची परंतु ग्राहकों की संख्या काफी कम रही। हालांकि माना जा रहा है कि चार से पांच दिन में मंडी पटरी पर लौट आएंगी। सब्जी मंडी खुलने से व्यापारियों, किसानों और खरीदारों के चेहरे खिले हैं।
नवीन सब्जी मंडी खुलने से पहले रविवार को दिनभर सैनिटाइजेशन किया गया। वहीं, मंडी परिसर में कैमरे लगाए गए। वहीं, देर शाम से ही किसान सब्जी लेकर पहुंचना शुरू हो गए। किसानों को गेट नंबर एक से प्रवेश दिया गया।
हालांकि मंडी में सब्जी बिक्री का कार्य रात्रि नौ बजे से प्रारंभ होकर सुबह चार बजे तक चला। यहां काफी सब्जी पहुंची परंतु खरीदारों की कमी के चलते पूरी नहीं बिक पाई। व्यापारी नेता अशोक कुमार, भूषण पंडित एवं पदम सैनी आदि सब्जी मंडी में सोशल डिस्टेंसिंग बनाने में जुटे रहे।
साथ ही मंडी समिति के अधिकारी एवं कर्मचारी भी कमान संभाले रहे। मंडी के दो नंबर गेट से सब्जी खरीदारों को प्रवेश दिया गया। पहले दिन व्यवस्थित तरीके से मंडी चली।
उधर, लोहिया नगर सब्जी मंडी सोमवार सुबह पांच बजे से संचालित की गई। यह 10 बजे तक चली। हालांकि मंडी में रविवार रात से ही किसान सब्जी लेकर पहुंचना शुरू हो गए थे। मंडी संचालित होने से व्यापारियों और किसानों ने राहत की सांस ली। सब्जी मंडी एसोसिएशन के प्रधान राजकुमार और राधेश्याम ने बताया कि सब्जी मंडी में सोशल डिस्टेंसिंग, मास्क एवं सैनिटाइजेशन का पूरा ध्यान रखा गया।